Homeदेशराहुल गांधी की संपत्ति की जांच का आदेश रद्द:इलाहाबाद हाईकोर्ट ने CBI-ED...

राहुल गांधी की संपत्ति की जांच का आदेश रद्द:इलाहाबाद हाईकोर्ट ने CBI-ED को आदेश दिया था, कोर्ट बोला- राहुल को सुनने के बाद फैसला करें

सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को राहुल गांधी की जांच का आदेश रद्द कर दिया। यह आदेश इलाहाबाद हाईकोर्ट ने CBI और ED को दिया था। CJI सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने मामला फिर हाईकोर्ट भेज दिया। हाईकोर्ट अब राहुल गांधी को पक्ष बनाएगा और उनका पक्ष सुनने के बाद नया आदेश देगा। मई में हाईकोर्ट ने BJP कार्यकर्ता एस. विग्नेश शिशिर की शिकायत पर CBI और ED को आरोपों की जांच के निर्देश दिए थे। शिशिर ने राहुल गांधी और उनके परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ जांच की मांग की थी। राहुल गांधी ने इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। उन्होंने कहा था कि याचिकाकर्ता का इस मामले में कोई अधिकार नहीं है और उसने अपनी पहचान या योग्यता भी नहीं बताई है। सुप्रीम कोर्ट ने पहले भी सुनवाई पर सवाल उठाए थे राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट में यह भी पूछा था कि गोपनीय प्रक्रियाओं की जानकारी अखबारों में कैसे प्रकाशित हुई। 17 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि हाईकोर्ट ने राहुल गांधी के खिलाफ आदेश देने से पहले उनका पक्ष नहीं सुना। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने इलाहाबाद हाईकोर्ट की कार्यवाही टालने का आदेश दिया था। उस सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने पूछा था कि राहुल गांधी को सुनवाई का मौका दिए बिना हाईकोर्ट ने मामले में आदेश क्यों दिए। बुधवार को सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के सभी आदेश रद्द कर दिए। साथ ही मामला नए सिरे से सुनवाई के लिए हाईकोर्ट भेज दिया। राहुल गांधी की ओर से सीनियर एडवोकेट कपिल सिब्बल पेश हुए। सिलसिलेवार पढ़िए पूरा मामला भाजपा कार्यकर्ता विग्नेश शिशिर ने 25 अप्रैल को इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच में याचिका दाखिल की थी। इसमें राहुल गांधी की संपत्ति की जांच CBI और ED से कराने की मांग की थी। उन्होंने याचिका में CBI निदेशक, ED निदेशक, CBDT चेयरमैन, SFIO निदेशक, गृह मंत्रालय, राजस्व विभाग, कार्मिक विभाग (DoPT) और कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय समेत 10 केंद्रीय एजेंसियों को पक्षकार बनाया है। कोर्ट में 6 मई को पहली बार सुनवाई हुई थी। कोर्ट से एजेंसियों ने जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगा था। फिर 6 दिन बाद कोर्ट में सुनवाई हुई थी। कोर्ट ने CBI और ED का पक्ष सुना। फिर अपने आदेश में कहा- अगर याचिकाकर्ता की शिकायत मिली है, तो उसमें लगाए गए आरोपों का कानून के अनुसार वेरिफिकेशन किया जाए। CBI, ED समेत संबंधित पक्षों को जवाब दाखिल करने के लिए 8 हफ्ते का समय दिया था। 20 जुलाई को CBI और ED ने कोर्ट में अपने जवाब दाखिल किए, लेकिन कोर्ट रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं हुआ था। कोर्ट ने कहा था कि रिपोर्ट से जांच की प्रगति स्पष्ट नहीं हो रही है। इसके बाद कोर्ट ने CBI को नया और स्पष्ट हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया था। इसमें जांच अब तक कहां तक पहुंची है, इसकी जानकारी देने को कहा गया। ED के जवाब पर कोर्ट ने कहा कि एजेंसी ने जरूरी शुरुआती कदम उठाए हैं। अगर जांच में कोई गैर-कानूनी गतिविधि या उससे जुड़े दस्तावेज मिलते हैं, तो ED कानून के मुताबिक आगे कार्रवाई कर सकती है। CBI बीजेपी कार्यकर्ता विग्नेश से 13 घंटे पूछताछ कर चुकी है एस. विग्नेश शिशिर मंगलवार को CBI के जांच अधिकारी के सामने पेश हुए थे। उनसे करीब 6 घंटे तक पूछताछ हुई। इसके बाद दूसरे दिन भी उन्हें बुलाया गया, जहां करीब 7 घंटे तक सवाल-जवाब का सिलसिला चला। विग्नेश शिशिर के मुताबिक, पूछताछ के दौरान उन्होंने भारत और विदेश से जुड़े कथित लेन-देन, विदेश यात्राओं और अन्य आरोपों से संबंधित जानकारी और दस्तावेज जांच अधिकारी को उपलब्ध कराए।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here