भगवान शिव और विष्णु पर अश्लील टिप्पणी करने के आरोप में प्रतापगढ़ (उप्र) की बिरहा गायिका रुचि यादव के खिलाफ अब उज्जैन में ब्राह्मण समाज सड़क पर उतरने की तैयारी कर रहा है। अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज ने गायिका के खिलाफ प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। समाज ने सरकार से ईशनिंदा के लिए सजा का कानून बनाने और रुचि यादव को उम्रकैद की सजा देने की मांग की है। रुचि का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह भगवान शिव और विष्णु को लेकर अश्लील टिप्पणी कर रही हैं। इतना ही नहीं, कार्यक्रम में बैठा कोई व्यक्ति ब्राह्मण समाज को लेकर भी टिप्पणी कर रहा है, जिस पर रुचि ठहाके लगाती हैं। ब्राह्मण समाज इसे भगवान और समाज का अपमान मानता है। इस तरह की भाषा का इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं समाज के अध्यक्ष पुजारी महेश शर्मा ने कहा कि उनके संज्ञान में गायिका का वीडियो आया है। इसमें कविता के नाम पर अश्लील शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। भगवान शिव और विष्णु के अंगों को लेकर अनुचित टिप्पणियां की गई हैं। देवी-देवताओं के लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। यह ईशनिंदा है और इस मामले में केस दर्ज होना चाहिए। उन्होंने सरकार से ईशनिंदा के लिए सजा का प्रावधान करने की मांग करते हुए कहा कि ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे देवी-देवताओं का अपमान करने की घटनाएं रुकें। अश्लील कविता के जरिए देवी-देवताओं पर टिप्पणी का आरोप सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में रुचि यादव मंच से प्रस्तुति देते हुए भगवान शिव और विष्णु के संबंध में अश्लील टिप्पणियां करती नजर आ रही हैं। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा पुजारियों पर भी टिप्पणी किए जाने की बात सामने आई है। वीडियो सामने आने के बाद उज्जैन के अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज ने इसे धार्मिक भावनाएं आहत करने वाला कृत्य बताया है। यूपी के महेशगंज थाने में एफआईआर दर्ज इस मामले में उत्तर प्रदेश के महेशगंज थाने में स्वर्ण आर्मी की शिकायत पर रुचि यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फेसबुक पर अपलोड किए गए एक वीडियो में भगवान शिव और भगवान विष्णु के प्रति अभद्र एवं आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। इससे धार्मिक भावनाएं आहत होने की बात कहते हुए कार्रवाई की मांग की गई थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। पहले मायावती पर गीत को लेकर भी हुआ था विवाद रुचि यादव प्रतापगढ़ जिले के कोहंडौर क्षेत्र की निवासी बताई जाती हैं। इससे पहले फरवरी में होली के बिरहा गीत के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के खिलाफ कथित आपत्तिजनक गीत गाने को लेकर भी विवाद हुआ था। उस समय प्रदेश के कई जिलों में बसपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया था।
