Homeछत्तीसगढ़सुपर-30 के आनंद बोले- AI जमाने में स्किल्ड लोग टिकेंगे:शिक्षा मंत्री बना...

सुपर-30 के आनंद बोले- AI जमाने में स्किल्ड लोग टिकेंगे:शिक्षा मंत्री बना तो टीचर्स ट्रेनिंग कानून लाऊंगा; मुफ्त ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तैयार

सुपर-30 के संस्थापक आनंद कुमार रविवार को भिलाई पहुंचे, जहां उन्होंने रूंगटा यूनिवर्सिटी के टेक-फेस्ट व्योम प्रोग्राम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने स्टूडेंट्स को जीवन में कड़ी मेहनत करने और देश के लिए कुछ बड़ा करने का मंत्र दिया। आनंद कुमार ने सुपर-30 के संघर्ष की कहानी बयां की और बताया कि कैसे एक छोटे से विचार ने सैकड़ों गरीब बच्चों की जिंदगी बदल दी। आनंद कुमार ने सुपर-30 फिल्म के उस सीन का भी जिक्र किया, जिसमें एक बच्चा रेस्टोरेंट में काम करते हुए पढ़ाई करता था। आनंद कुमार ने बताया कि उस बच्चे से उनकी मुलाकात रेस्टोरेंट के बाहर हुई थी। इसके बाद उन्होंने 29 और बच्चों को खोजा और उन्हें पढ़ाई करवाई। आनंद कुमार ने सभी की सफलता की कहानियां भी साझा कीं। आनंद कुमार ने बताया कि उन्हें देश के लगभग हर बड़े पॉडकास्टर और द कपिल शर्मा शो जैसे बड़े प्लेटफॉर्म से बुलावा आया है, लेकिन वे कहीं नहीं जाते। उन्होंने इसके पीछे की वजह बताते हुए कहा कि वे फिलहाल एक मिशन पर काम कर रहे हैं। वे एक ऐसा ऑनलाइन क्लास प्लेटफॉर्म तैयार कर रहे हैं, जिसे देखकर देश को गर्व महसूस होगा। आनंद कुमार ने बताया कि वे जिस ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर काम कर रहे हैं, वह पारंपरिक डिजिटल बोर्ड और माइक वाली साधारण क्लास जैसा नहीं होगा। उन्होंने दावा किया कि पूरी कोशिश की गई है कि दुनिया में आज तक ऐसा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म नहीं बना हो। प्लेटफॉर्म सभी के लिए पूरी तरह निशुल्क होगा। आनंद कुमार ने कहा कि जल्द ही इसका यूट्यूब लिंक जारी किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक बच्चे इसका लाभ उठा सकें। AI पर उन्होंने कहा कि जो शिक्षक बहुत स्किल्ड होंगे, आगे वही सर्वाइव कर पाएंगे। इसके अलावा एक दिन के शिक्षा मंत्री बनाए जाने पर कहा कि टीचर्स ट्रेनिंग कानून बनाएंगे। पढ़िए ‘दैनिक भास्कर डिजिटल’ से खास बातचीत क्या कुछ कहा… सवाल: AI आने वाले समय में शिक्षा के स्तर में क्या प्रभाव डालेगा? जवाब: शिक्षा का स्तर और बढ़ेगा। शिक्षकों को और कॉम्पिटिशन का सामना करना पड़ेगा। जो बहुत स्किल्ड होंगे, वही सर्वाइव कर पाएंगे। कंप्यूटर आ रहा था तो लोग डरे हुए थे, परेशान थे, लेकिन कंप्यूटर आने से चीजें और अच्छी हुई हैं। इसलिए एआई का स्वागत करना चाहिए। साथ ही सरकार को यह भी सोचना चाहिए कि उस पर किस तरह से नियंत्रण रखें कि तुरंत बेरोजगारी की समस्या न हो। यह देश के आईटी सेल का काम है। सवाल: क्या सुपर- 30 मॉडल सरकारी स्कूलों में, कोचिंग में या प्राइवेट संस्थानों में लागू किया जा सकता है? जवाब: कई सरकारें लागू कर रही हैं। छत्तीसगढ़ गवर्नमेंट, मध्य प्रदेश गवर्नमेंट, हिमाचल, असम सब लोग कोशिश कर रहे हैं। अच्छा होगा और अच्छी बात है कि कई प्राइवेट कंपनी भी बढ़-चढ़कर हाथ बटा रहे हैं। यह सब देखकर, सुनकर अच्छा लगता है। सवाल: ऐसा कभी लगा क्या सुपर- 30 में कोई बच्चा आना चाह रहा हो और आपने रिजेक्ट कर दिया हो, बाद में आपको ऐसा लगा हो कि नहीं, यह कुछ गलत हो गया, ऐसा कभी…? जवाब: ईमानदारी से बोलें तो ऐसा कभी इसलिए नहीं लगा, क्योंकि 30 बच्चों के अलावा भी कभी-कभी कुछ बच्चों को हम मौका दे देते हैं, मदद करते हैं और आने वाले भविष्य में ज्यादा से ज्यादा बच्चों को मौका मिले, इसकी कोशिश जारी है। सवाल: फिल्म में ऐसी कौन सी चीजें हैं जो छूट गई थीं? जो कभी ऐसा लगा कि आपको दोबारा कोई ऐसी बायोपिक बने तो उस पार्ट को आना चाहिए? जवाब: बहुत सारी ऐसी बातें हैं। अभी विकास बहल (डायरेक्टर) से बातचीत चल रही है, आने वाले टाइम में आप वेब सीरीज भी देख सकते हैं, जिसमें छूटी बातें, अधूरी कहानी पूरी होगी। सवाल: आपको अगर एक दिन के लिए शिक्षा मंत्री बना दिया जाए या शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के लिए आपको एक मौका दिया जाए तो क्या व्यवस्था लागू करेंगे? जवाब: अगर एक दिन के लिए या कुछ मौका दिया जाए, तो सबसे ज्यादा ध्यान देंगे, ऐसा कानून बनाएंगे जिसमें जबरदस्त टीचर्स ट्रेनिंग हो। सवाल: स्टूडेंट्स के लिए कुछ नई तकनीक आ रही है, आपने जिक्र किया था? जवाब: हम लोग ऐसा करेंगे कि कुछ नए प्लेटफॉर्म के माध्यम से बच्चों का बेहतर मार्गदर्शन कर सकें। हमारी कोशिश है कि अमीर-गरीब सभी बच्चे इंटरनेट के जरिए सीख सकें। भिलाई के छात्रों को दिया सफलता का मंत्र आनंद कुमार ने स्टूडेंट्स को सफलता के चार मंत्र भी बताए। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। अपनी परिस्थितियों को कमजोरी नहीं, बल्कि ताकत बनाना चाहिए। उन्होंने पुराने छात्रों की सफलता की कहानियां सुनाते हुए बताया कि कैसे अभावों में पले-बढ़े बच्चे आज बड़े पदों पर बैठकर देश की सेवा कर रहे हैं। …………………… यह इंटरव्यू भी पढ़िए… निकिता बोलीं- छत्तीसगढ़ी फिल्मों में गाने की इच्छा: कहा- एआर रहमान के साथ काम यूनिवर्सिटी में पढ़ाई जैसा, ‘राब्ता’ गर्ल की परफॉर्मेंस पर झूमे फैन्स बॉलीवुड की मशहूर प्लेबैक सिंगर निकिता गांधी शनिवार को भिलाई पहुंचीं, जहां उन्होंने लाइव कॉन्सर्ट में शानदार परफॉर्मेंस देकर ऑडियंस का दिल जीत लिया। उन्होंने एक के बाद एक अपने सुपरहिट गाने गाकर युवाओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। पढ़ें पूरी खबर…

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here