हरदा जिला अस्पताल में बुधवार दोपहर करीब 1 बजे एक डॉक्टर की कार ने कई लोगों को टक्कर मार दी। इसके बाद कार दीवार से जा टकराई। हादसे में 4 महिलाएं और 2 बच्चे घायल हुए हैं। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, सभी का इलाज चल रहा है। घायलों में एक गर्भवती महिला भी शामिल है। अस्पताल में पदस्थ डॉ. सुभाष सोनकर अपनी कार क्रमांक MP 07 ZM 6890 चला रहे थे। कार अस्पताल परिसर से बाहर निकल रही थी। इसी दौरान वह बेकाबू हो गई। वहां मौजूद लोगों को टक्कर मारते हुए दीवार से जा टकराई। कार पर मध्यप्रदेश शासन लिखा हुआ था। सोनोग्राफी कराने आई थी महिला घायल चंदन ने बताया कि वे आवन से अपनी गर्भवती बहू की सोनोग्राफी कराने आए थे। वे अस्पताल के पास खड़े थे। तभी कार उन्हें और उनकी बहू को टक्कर मारते हुए ऊपर चढ़ गई। चंदन के एक पैर में पहले हुए हादसे के कारण प्लास्टर चढ़ा था। इस हादसे में उनका दूसरा पैर भी फ्रैक्चर हो गया। लोगों ने कार उठाकर उन्हें और अन्य घायलों को बाहर निकाला। प्रबंधन बोला- डॉक्टर को गाड़ी चलाते समय चक्कर आए मौके पर मौजूद समाजसेवी धर्मवीर सिंह ढिल्लो ने कहा कि कार तेज गति से आई और चालक नियंत्रण खो बैठा। उन्होंने अस्पताल परिसर में वाहन चलाने और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि कार की चपेट में महिलाएं और बच्चे भी आए। डॉ. आरएल धाकड़ ने बताया कि डॉ. सुभाष सोनकर को चक्कर आ रहे थे। इसी वजह से कार बेकाबू हो गई। डॉक्टर के पास चालक है, लेकिन उस दिन वे खुद कार चला रहे थे। उन्होंने बताया कि गर्भवती महिला की जरूरी जांच कर ली गई है और फिलहाल वह खतरे से बाहर है। घायलों के परिजनों और लोगों ने हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि जांच से यह साफ होना चाहिए कि हादसा डॉक्टर की तबीयत बिगड़ने से हुआ या लापरवाही के कारण। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है।
