Homeछत्तीसगढ़टॉयलेट में बर्तन धोने पर ढाबे का लाइसेंस सस्पेंड:खाना खाने आए ग्राहक...

टॉयलेट में बर्तन धोने पर ढाबे का लाइसेंस सस्पेंड:खाना खाने आए ग्राहक ने बनाया VIDEO, वायरल होने के बाद खाद्य विभाग की कार्रवाई

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में हरेठी स्थित पापा ढाबा का खाद्य लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया है। जेंट्स टॉयलेट के अंदर बर्तन धोने का वीडियो वायरल होने के बाद खाद्य-औषधि प्रशासन विभाग ने जांच की। जांच में वीडियो सही पाए जाने पर विभाग ने यह कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में ढाबे का एक कर्मचारी जेंट्स टॉयलेट के अंदर कटोरी, प्लेट और अन्य बर्तन धोता दिखाई दे रहा था। इसके बाद ढाबे की साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे थे। वहीं, इस पूरे मामले में ढाबा संचालक मुन्ना ठाकुर ने वायरल वीडियो को साजिश का हिस्सा बताया है। दूसरी ओर, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने भी कहा कि वीडियो ढाबे को बदनाम करने की नीयत से वायरल किया गया है। पहले देखिए ये तस्वीरें… ग्राहक ने बनाया था वीडियो जानकारी के मुताबिक, पापा ढाबा में रोज बड़ी संख्या में लोग खाना खाने आते हैं। इसी दौरान एक ग्राहक ने कर्मचारी को टॉयलेट में बर्तन धोते देखा और पूरी घटना अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। लाइसेंस सस्पेंड, नोटिस भी जारी मामले की खबर सामने आने के बाद खाद्य-औषधि प्रशासन विभाग हरकत में आया। जांच पूरी होने के बाद ढाबे का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया। साथ ही संचालक को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। विभाग ने कहा है कि जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी। इधर, स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ढाबों और रेस्टोरेंटों की नियमित जांच होती, तो ऐसी लापरवाही सामने नहीं आती। अधिकारी भी आते हैं खाने पापा ढाबा में आम लोगों के साथ-साथ कई सरकारी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी भोजन करने आते हैं। वहीं, स्थानीय लोगों ने मांग की है कि सिर्फ एक ढाबे पर कार्रवाई करने के बजाय जिले के सभी ढाबों और रेस्टोरेंटों की जांच की जाए। उनका कहना है कि कई जगह साफ-सफाई के नियमों का पालन नहीं हो रहा है और निरीक्षण केवल औपचारिकता बनकर रह गया है। ढाबा संचालक ने दी सफाई पापा ढाबा के संचालक मुन्ना ठाकुर ने कहा कि वायरल वीडियो ढाबे को बदनाम करने की साजिश है। उन्होंने बताया कि जहां सामान्य रूप से बर्तन धोए जाते हैं, वहां निर्माण कार्य चल रहा था। इसी कारण कुछ समय के लिए दूसरी जगह बर्तन धोए जा रहे थे। उसी दौरान किसी ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। नगर पालिका अध्यक्ष के बयान पर बहस मामले में नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने वायरल वीडियो को ढाबे को बदनाम करने की कोशिश बताया। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई। कुछ लोगों ने इसे ढाबा संचालक के समर्थन में बताया, जबकि कुछ ने अध्यक्ष की निष्पक्षता पर सवाल उठाए। …………………… इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… ढाबे के शौचालय में धुल रहे थे बर्तन, VIDEO: मेल टॉयलेट के अंदर प्लेट-कटोरी साफ करता दिखा कर्मचारी, खाद्य विभाग बोला- नोटिस जारी करेंगे छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में हरेठी स्थित पापा ढाबा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में ढाबे का एक कर्मचारी पुरुष शौचालय के अंदर कटोरी, प्लेट और अन्य बर्तन धोता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद ढाबे की स्वच्छता व्यवस्था और खाद्य सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पढ़ें पूरी खबर…

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here