रायपुर के संजय नगर में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। बैटरी कारोबारी साजिद अली, उसकी पत्नी, बेटा और दो बेटियों के शव शुक्रवार रात घर के अंदर मिले थे। शुरुआती जांच के मुताबिक साजिद ने पत्नी और तीन बच्चों को खाने में जहर दे दिया। खुद भी फांसी लगा ली। पुलिस के मुताबिक वारदात से पहले साजिद ने गुरुवार रात करीब 12:30 बजे अपने बेटे इरशाद को फोन कर तुरंत घर आने के लिए कहा था। बताया जा रहा है कि उसने बेटे को डांटते हुए बुलाया और घर आने के बाद परिवार के साथ मिठाई भी खिलाई। साजिद बाजार से रसगुल्ला और पेड़ा लेकर आया था। इसके बाद साजिद के अलावा परिवार का कोई भी सदस्य घर से बाहर नहीं निकला। शनिवार शाम पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी शव परिजनों को सौंप दिए गए। देर रात करीब 9 बजे परिवार के पांचों सदस्यों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। शुक्रवार सुबह 9 बजे कमरे के बाहर आया था साजिद सीसीटीवी और स्थानीय लोगों के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे साजिद कुछ मिनट के लिए घर से बाहर निकला था। वह वॉशरूम जाने के बाद दोबारा घर के भीतर चला गया और फिर बाहर नहीं निकला। पुलिस का शुरुआती अनुमान है कि रात में परिवार के चार सदस्यों को जहर देने के बाद उसने शुक्रवार सुबह खुद भी आत्महत्या कर ली। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह फोरेंसिक और पोस्टमॉर्टम की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। परिवार की दिनचर्या थी सामान्य जांच में सामने आया कि गुरुवार दोपहर साजिद की पत्नी राबिया बानो मोहल्ले के एक दर्जी के यहां कपड़ों का नाप देने गई थीं। उन्होंने रविवार तक कपड़े तैयार करने के लिए कहा था, क्योंकि परिवार को किसी कार्यक्रम में शामिल होना था। वहीं दोनों बेटियां भी शाम को किराएदार के घर गई थीं और बाद में लौट आई थीं। पुलिस का कहना है कि परिवार के बाकी सदस्यों के व्यवहार में किसी तरह की असामान्यता नहीं दिखी। केवल साजिद पिछले कुछ समय से तनाव में था। नशे की लत और आर्थिक तंगी की जांच पुलिस के अनुसार साजिद अली मौदहापारा में बैटरी रिपेयरिंग की दुकान चलाता था। पहले वह ठेला लगाता था, बाद में बैटरी के काम से जुड़ा और अपनी दुकान शुरू की। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह नशे का आदी था और पिछले कुछ महीनों से मानसिक तनाव में रह रहा था। परिवार के लोगों पर गुस्सा करना भी बढ़ गया था। जांच में यह भी पता चला कि वह पिछले करीब 15 सालों से अपने भाइयों और बहनों से अलग-थलग रह रहा था। भिलाई स्थित ससुराल पक्ष से भी उसका संपर्क बेहद कम था। पुलिस को जानकारी मिली है कि कुछ लोग उससे उधार का पैसा मांगने घर आते थे। ऐसे में आर्थिक तंगी और कर्ज की स्थिति भी जांच के दायरे में है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कहीं उसका पैसा किसी ऑनलाइन गतिविधि, निवेश या अन्य विवाद में तो नहीं फंसा था, जिसकी वजह से वह मानसिक दबाव में था। घटना वाली रात घर में बना आलू की सब्जी और चावल घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को घर से फिनाइल का एक डिब्बा मिला है, लेकिन कोई कीटनाशक या अन्य जहरीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ। घटना वाली रात घर में आलू की सब्जी और चावल बने थे। वहीं साजिद बाजार से रसगुल्ले और पेड़ा लेकर आया था। पुलिस को आशंका है कि इन्हीं मिठाइयों में जहरीला पदार्थ मिलाया गया हो। फिलहाल भोजन, मिठाई और विसरा के नमूनों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। …………………… इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… बैटरी कारोबारी ने पत्नी-3 बच्चों को जहर देकर फांसी लगाई: बदबू आने पर पता चला, कमरे में कीटनाशक मिला, कर्ज-EMI के दबाव में था रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर में शुक्रवार रात बैटरी कारोबारी सय्यद शाहिद उर्फ सज्जू (45) ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों को खाने में जहर दे दिया। इसके बाद उसने खुद फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। पढ़िए पूरी खबर
