छत्तीसगढ़ में मानसून फिर एक्टिव हो गया है। बंगाल, झारखंड और ओडिशा में बने लो प्रेशर एरिया से प्रदेश में लगातार नमी पहुंच रही है। इसी वजह से पिछले 24 घंटे में मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में जोरदार बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है। बिलासपुर ने 93 साल बाद ऐसी बारिश देखी, जिसने पूरे शहर की रफ्तार थाम दी। महज 24 घंटे में 415.6 मिमी (16 इंच से ज्यादा) बारिश ने 1933 का 14.93 इंच का रिकॉर्ड तोड़ दिया। सड़कों पर कमर तक पानी भर गया, सैकड़ों घर जलमग्न हो गए और बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए SDRF को मोटर बोट उतारनी पड़ी। रेलवे ट्रैक, हाईवे और पुल पानी में डूबने से रेल और सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। एक महिला की डूबने से मौत हो गई। स्कूल बंद रहे और परीक्षाएं प्रभावित हुईं। रेलवे स्टेशन और यार्ड में पानी भरने से 7 ट्रेनें रद्द करनी पड़ीं और 4 ट्रेनों का मार्ग बदला गया। करीब 80 बसों का संचालन भी प्रभावित रहा। वहीं 17 ट्रांसफार्मर डूबने से कई इलाकों की बिजली आपूर्ति एहतियातन बंद करनी पड़ी। सरगुजा जिले में बारिश के दौरान बिजली गिरने से 4 बच्चे झुलस गए। इनमें से 2 बच्चों की मौत हो गई। 2 बच्चों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। दोनों सगे भाई हैं। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। मामला लुंड्रा थाना क्षेत्र का है। बलौदाबाजार जिले में भी महानदी और शिवनाथ नदी समेत कई छोटे-बड़े नालों का जलस्तर बढ़ गया है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। आपदा, होमगार्ड और रेस्क्यू टीम को भी अलर्ट मोड पर रहने कहा है। पहले तस्वीरें देखिए… बिलासपुर संभाग में रिकॉर्ड बारिश बारिश का असर पूरे बिलासपुर संभाग में भी देखने को मिला। बिलासपुर के बाद जांजगीर में 170 मिमी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 75 मिमी, मुंगेली में 58.8 मिमी, कोरबा में 47.4 मिमी, सक्ती में 38.5 मिमी, रायगढ़ में 34 मिमी और जीपीएम में 33.7 मिमी बारिश दर्ज की गई। जिले में सीपत और तखतपुर में 110.2-110.2 मिमी, मस्तूरी में 96.2 मिमी और सकरी में 95.4 मिमी बारिश हुई। इससे कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। रायपुर का मौसम कैसा रहेगा? रायपुर में आज (शनिवार) दिनभर बादल छाए रहेंगे। बीच-बीच में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अगले 48 घंटे क्यों हैं अहम? मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश का दौर बना रहेगा। कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है। जिन जिलों में पहले से अच्छी बारिश हो चुकी है, वहां निचले इलाकों में जलभराव, छोटे नदी-नालों में उफान और सड़कों पर आवाजाही में दिक्कत आ सकती है।
