अंबाह के किशनपुरा रोड स्थित नेशनल हाईवे-552 पर सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले अंबाह अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान मंगलवार सुबह जिला अस्पताल में तीनों की मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। सड़क किनारे खड़े थे तभी कार ने टक्कर मारी
अंबाह क्षेत्र में पोरसा रोड स्थित ग्राम किशनपुरा के पास नेशनल हाईवे-552 पर सड़क किनारे खड़े तीन लोगों को एक कार ने टक्कर मार दी। हादसे में कुम्हेर सिंह (60) पिता निहाल सिंह, रामहेत (55) पिता रामस्वरूप छारी और पुष्पेंद्र (55) पिता अहिवरन राजावत, निवासी पलना गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई। बताया गया है कि कार नंबर MP 07 AJ 5335 के ड्राइवर ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए तीनों को टक्कर मारी थी। इसके बाद ड्राइवर कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया। डीएसपी रवी भदौरिया ने बताया कि सोमवार देर रात एक कार ने बाइक खड़ी कर सड़क किनारे खड़े तीन लोगों को टक्कर मार दी थी। हादसे में घायल तीनों लोगों की इलाज के दौरान मंगलवार सुबह मौत हो गई। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
