Homeमध्यप्रदेशराहुल के 'शो' को लेकर साउथ के सुपरस्टार जैसा जश्न:विजयवर्गीय बोले- राहुल...

राहुल के ‘शो’ को लेकर साउथ के सुपरस्टार जैसा जश्न:विजयवर्गीय बोले- राहुल गांधी भाजपा के स्टार प्रचारक; मंत्री ने कराया अपनी लोकप्रियता का टेस्ट

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। राहुल गांधी के ‘सियासी शो’ का ऐसा जश्न
जैसे साउथ के किसी सुपरस्टार की फिल्म रिलीज होती है और फैंस सड़कों पर उतरकर जश्न मनाते हैं, कुछ वैसा ही नजारा इंदौर में देखने को मिला। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का बड़ा सा कटआउट लगाया और आतिशबाजी की। साथ ही ढोल-नगाड़ों के बीच उनके समर्थन में जमकर नारेबाजी की। दरअसल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इंदौर में होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए रजिस्ट्रेशन का आंकड़ा डेढ़ लाख के पार पहुंच गया है। इसी को लेकर कांग्रेस ने इंदौर में जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई। राहुल गांधी के इस सियासी शो को सुपरहिट बनाने के लिए कांग्रेस के अलग-अलग नेता युवाओं के बीच पहुंच रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी से लेकर जयवर्धन सिंह तक युवाओं से संवाद करते नजर आ रहे हैं। खास बात ये है कि राहुल गांधी के इस कार्यक्रम का भाजपा को भी बेसब्री से इंतजार है। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने तो राहुल गांधी को भाजपा का ‘स्टार प्रचारक’ तक बता दिया। विजयवर्गीय ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी जब भी जहां जाते हैं, उसका फायदा भाजपा को होता है, क्योंकि वे अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा के स्टार प्रचारक हैं। यानी राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस जहां उत्साहित है, वहीं भाजपा भी उनकी राह तक रही है। लेकिन दिलचस्प बात ये है कि भाजपा सरकार के सिस्टम ने फिलहाल उनकी राह रोक रखी है। दरअसल, अब तक राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर अनुमति नहीं मिली है। ऐसे में कांग्रेस के ‘सुपरस्टार’ का शो कहां होगा, इस पर सस्पेंस बरकरार है। ‘जेन अल्फा’ देख मंत्री ने रुकवाया काफिला
जमाना जेन जी और जेन अल्फा का है। ऐसे में आलीराजपुर में जब मंत्री नागर सिंह चौहान ने स्कूली बच्चों की रैली देखी तो अपना काफिला रुकवा दिया। मंत्री जी ने बच्चों से पूछा- क्या कर रहे हो, कहां जा रहे हो? शायद उन्हें लगा होगा कि कहीं बच्चे कोई प्रोटेस्ट तो नहीं कर रहे। लेकिन पोस्टर पर नजर पड़ी तो पता चला कि मामला विरोध-प्रदर्शन का नहीं, बल्कि साक्षरता दिवस पर निकाली गई रैली का है। अब मंत्री जी रुक ही गए थे तो सोचा, बच्चों के साथ फोटो-शोटो भी हो जाए। उन्होंने बच्चों को अपने पास बुलाया और फोटो खिंचवाई। साथ ही उनसे बातचीत भी की। अब राह चलते मंत्री जी की अच्छी खासी रील भी बन गई और इसी बहाने मंत्री जी ने हाथोंहाथ अपनी लोकप्रियता का टेस्ट भी ले लिया। उन्होंने बच्चों से पूछा कि मुझे जानते हो, नागर सिंह चौहान को पहचानते हो? टेस्ट में मंत्री जी पास तो हो गए, लेकिन नंबर कुछ खास अच्छे नहीं आए। क्योंकि इतने बच्चों में कुछएक ही उन्हें पहचान पाए। पटवारी साहब ने बुजुर्ग को बना लिया सवारी
सीधी में एक पटवारी का ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। नाला पार करने के लिए पटवारी एक बुजुर्ग की पीठ पर सवार हो गया। अमानवीयता का यह मामला जिले की माटा ग्राम पंचायत का है। यह वीडियो करीब एक साल पुराना है, जो अब सामने आया है। इसके बाद पटवारी को निलंबित कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि नीलेश नामदेव नाम का पटवारी सर्वे के काम से गांव आया था। वहां नाला पार करने के लिए पटवारी ने बुजुर्ग की पीठ को ही सवारी बना लिया। वह बुजुर्ग की पीठ पर लटक गया और बुजुर्ग पानी से भरे नाले में चलकर पटवारी को उस पार ले गया। इस वाकये ने एक बार फिर सरकारी अमले के रवैये और आम आदमी के प्रति संवेदनशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। और अब अंदर की बात..
‘ये बिन बुलाए मेहमान की तरह क्यों आ जाते हैं’
‘सरकार’ इस समय एक आईएएस अफसर से बड़े परेशान हैं। उनका जब भी दौरा होता है, ये अफसर प्रोटोकॉल का हवाला देकर बिन बुलाए मेहमान की तरह स्टेट हैंगर पहुंच जाते हैं। पहुंचने तक तो ठीक है, लेकिन ये अफसर ‘सरकार’ से जबरन बात भी करते हैं। ‘सरकार’ ने एक-दो बार तो तवज्जो दी और बात भी की, लेकिन सुना है कि जब यह सिलसिला रूटीन हो गया तो सरकार नाराज हो गए। उन्होंने अपने ओएसडी से पूछा कि ये अफसर हर बार स्टेट हैंगर पर क्यों आ जाते हैं? मैंने इन्हें नहीं बुलाया। साथ ही यह भी कह दिया कि मुझे जब भी काम होगा, मैं खुद ही बुला लूंगा। यह बात ओएसडी के जरिए आईएएस अफसर तक भी पहुंच गई है। अब अगले दौरे में इस मैसेज का असर दिखाई दे सकता है। इनपुट सहयोग – विनय यादव (इंदौर), संजय पी लोढ़ा (आलीराजपुर), मनोज मिश्रा (सीधी) ये भी पढ़ें –
भाजपा नेता आए तो कुर्सी से उठ गए कलेक्टर: विधायक का हाथ पकड़कर ले गई बुजुर्ग, आधा-अधूरा घर दिखाया शिवपुरी में कलेक्टर की जनसुनवाई के दौरान आम और खास के बीच फर्क का नजारा दिखा। हुआ यूं कि कलेक्टर जनसुनवाई कर रहे थे। तभी वहां भाजपा जिला अध्यक्ष आए। फिर क्या था, साहब ने उनसे हाथ मिलाया, कुर्सी से उठे और जनसुनवाई छोड़कर नेता जी को अपने केबिन में लेकर चले गए। पूरी खबर पढ़ें

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here