ग्वालियर के अति-संवेदनशील ग्वालियर एयरफोर्स स्टेशन की सुरक्षा में बड़ी सेंधमारी का मामला सामने आया है। एयरफोर्स कैंपस से कचरा उठाने वाले ट्रैक्टर का इस्तेमाल कर विमानों के उपयोग में आने वाले बहुमूल्य स्क्रैप (हाई-वैल्यू एवियोनिक्स) की चोरी की गई है। घटना 9 सितंबर शाम 4 से 5 बजे के बीच की है। चुराए गए कबाड़ की कीमत ₹50,000 से अधिक है। एयरफोर्स स्टेशन की असिस्टेंट सिक्योरिटी ऑफिसर की लिखित शिकायत पर शनिवार (12 सितंबर) को महाराजपुरा थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने तीन आरोपियों को भी हिरासत में लिया है। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है। कचरा गाड़ी में छिपाकर निकाला विमानों का कबाड़
एयरफोर्स स्टेशन सुरक्षा अनुभाग द्वारा पुलिस को दी गई आधिकारिक शिकायत के अनुसार, कैंपस में विभिन्न स्थानों पर रखे अनुपयोगी स्क्रैप और एयरक्राफ्ट के हाई-वैल्यू कलपुर्जों की चोरी की जा रही थी। चोरों ने सुरक्षा एजेंसियों को चकमा देने के लिए कचरा उठाने वाली गाड़ी (ट्रैक्टर) को माध्यम बनाया और कचरे के नीचे कबाड़ को छिपाकर एयरफोर्स स्टेशन के मुख्य द्वार से बाहर निकाल दिया। जब एयरफोर्स स्टेशन की निगरानी करने वाले ऑफिसर को स्क्रैप कम नजर आया तो उनका ध्यान चोरी की घटना की ओर गया। इसके बाद महाराजपुरा थाना पुलिस को घटना से अबगत कराया। चोरी की घटना का खुलासा तब हुआ जब एयरफोर्स पुलिस ने प्राथमिक जांच की। संदिग्धों से पूछताछ के दौरान चोरी और साजिश की पूरी कहानी परत-दर-परत खुल गई। आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया। नोएडा की सिक्योरिटी एजेंसी के पास था ठेका
एयरफोर्स कैंपस में सफाई और कचरा निस्तारण का ठेका मैसर्स ढुल सिक्योरिटी सर्विसेज (मालिक: सुभाष चंद्र ढुल, नोएडा) के पास है। ग्वालियर में इसका पूरा काम-काज और ऑपरेशन्स मैनेजर योगेंद्र सिंह निवासी ग्वालियर संभाल रहा था। ठेके पर लगे कर्मचारियों द्वारा ही इतनी बड़ी सुरक्षा चूक को अंजाम दिया गया। स्क्रैप बरामद करने की कोशिश सीएसपी रोबिन जैन ने बताया कि एयरफोर्स स्टेशन महाराजपुरा के असिस्टेंट सिक्योरिटी ऑफिसर की लिखित शिकायत पर चोरी और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज कर लिया है। नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर चोरी किया गया स्क्रैप बरामद करने की कार्रवाई की जा रही है।
