बालाघाट में सांसद भारती पारधी ने सोमवार शाम बुढ़ी स्थित शराब दुकान का दौरा किया। यहां वे उन महिलाओं से मिलीं जो पिछले 28 दिनों से इस दुकान को हटाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रही हैं। सांसद ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि वे इस मामले में कलेक्टर और आबकारी अधिकारी से चर्चा करेंगी। बुढ़ी की शराब दुकान को हटाने के लिए महिलाएं करीब एक महीने से मोर्चा खोले हुए हैं। इस आंदोलन को विधायक, नगर पालिका अध्यक्ष और कई समाजसेवियों का समर्थन भी मिला है। हालांकि, 28 दिन बीतने के बाद भी अब तक कोई बड़ा फैसला नहीं हो पाया है, जिससे महिलाएं नाराज थीं। सांसद ने दिया आश्वासन सांसद भारती पारधी ने मौके पर पहुंचकर दुकान के कर्मचारी से ठेकेदार का नाम भी पूछा। उन्होंने महिलाओं से कहा कि वे पहले भी वार्ड नंबर 25 की दुकान हटवा चुकी हैं और इस बार भी उचित कदम उठाएंगी। देर से आने के सवाल पर उन्होंने बताया कि वे संसद सत्र और अन्य कार्यक्रमों में व्यस्त थीं, लेकिन स्थानीय पार्षदों के जरिए लगातार जानकारी ले रही थीं। आंदोलन जारी रखने का फैसला सांसद के आश्वासन के बाद महिलाओं में कुछ उम्मीद तो जगी है, लेकिन उन्होंने साफ कर दिया है कि जब तक दुकान यहां से पूरी तरह हट नहीं जाती, उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। महिलाएं इस बात पर अड़ी हैं कि रहवासी इलाके में शराब दुकान होने से माहौल खराब हो रहा है।
