ग्वालियर में तेजाब पीने के बाद इलाज के दौरान एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। मौत से पहले महिला ने वीडियो बयान में अपने पति पर मारपीट, प्रताड़ना और जबरन तेजाब पिलाने का आरोप लगाया है। मौत से पहले सामने आए एक वीडियो में निशा राठौर बेहद गंभीर हालत में दिखाई दे रही हैं। वीडियो में वह अपने पति गजेंद्र राठौर पर आरोप लगाते हुए कह रही हैं कि पिछले तीन-चार दिनों से वह लगातार उसके साथ मारपीट कर रहा था और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। निशा के अनुसार, विरोध करने पर पति ने उसे तेजाब पिला दिया। यह वीडियो अब जांच का महत्वपूर्ण आधार बन सकता है। निशा राठौर दो माह की गर्भवती थी। उसने गर्भवती होने की जानकारी अपनी मां सुनीता राठौर को भी दी थी। ऐसे में महिला की मौत के साथ गर्भस्थ शिशु की मौत ने भी मामले को और गंभीर बना दिया है। अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई मौत दरअसल, ग्वालियर के थाटीपुर थाना क्षेत्र स्थित न्यू मेहर कॉलोनी निवासी 26 वर्षीय निशा राठौर, पत्नी गजेंद्र राठौर, ने 22 जून को कथित रूप से तेजाब पी लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए जयारोग्य अस्पताल के 1000 बिस्तर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा था। उपचार के दौरान बुधवार शाम निशा ने दम तोड़ दिया। पति ने थाने में समझौता कर मामला कराया था शांत जांच में यह भी सामने आया है कि निशा राठौर ने पहली बार अपने पति पर प्रताड़ना के आरोप नहीं लगाए थे। करीब ढाई वर्ष पहले, 31 दिसंबर 2023 को उसने थाटीपुर थाने में पति गजेंद्र राठौर के खिलाफ दहेज मांगने और मारपीट करने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद गजेंद्र राठौर थाने पहुंचा और अपनी गलती स्वीकार करते हुए पुलिस के समक्ष लिखित आश्वासन दिया था कि वह भविष्य में पत्नी के साथ किसी प्रकार की मारपीट या प्रताड़ना नहीं करेगा। पुलिस को दिए गए लिखित बयान में उसने यह भी उल्लेख किया था कि यदि आगे चलकर वह पत्नी के साथ हिंसा करता है या उसके साथ कोई अप्रिय घटना होती है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। अब निशा की मौत के बाद यह दस्तावेज भी जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है। जानकारी के अनुसार, निशा और गजेंद्र का विवाह 1 मई 2022 को हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच विवाद और घरेलू कलह की शिकायतें सामने आती रही थीं। वीडियो बयान और मेडिकल रिपोर्ट की जांच में जुटी पुलिस सीएसपी रोबिन जैन ने बताया कि दो दिन पहले एक महिला ने कथित रूप से एसिडनुमा पदार्थ का सेवन कर लिया था, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। सीएसपी के अनुसार, एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला ने कुछ आरोप लगाए हैं। पुलिस वीडियो की सत्यता और उसमें किए गए दावों की जांच कर रही है। सभी तथ्यों, परिजन के बयानों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। महिला के गर्भवती होने के संबंध में उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जानकारी में उसके दो माह की गर्भवती होने की बात सामने आई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
