चिमनगंज क्षेत्र की घटना, परिजन ने दो दिन पूर्व अपहरण की रिपोर्ट लिखाई थी
चिमनगंज थाना क्षेत्र निवासी 16 वर्षीय नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई है। लापता लड़की चार दिन बाद घर लौटी और परिजन को बताया कि उसे पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर पांच लड़कों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया। घटना का पता चलते ही पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दुष्कर्म करने वाले चार लड़के नाबालिग है, जबकि एक बालिग है। पीड़िता ने 9वीं तक पढ़ाई की है और वर्तमान में स्कूल नहीं जा रही थी। 26 सितंबर को नाबालिग घर से गायब हुई थी, जिसके अपहरण की रिपोर्ट 28 सितंबर को की थी। 30 सितंबर को वह खुद ही घर लौटी और परिजन को घटना की जानकारी दी। वे उसे लेकर चिमनगंज थाने पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने लड़की द्वारा बताए नाबालिग को सबसे पहले पकड़ा और पूछताछ की तो उसने घटना कबूल ली। जीवाजीगंज थाना पुलिस ने बताया कि घटना में चार नाबालिग आरोपी है, जिनकी उम्र 16 से 17 साल के बीच है, जबकि एक बालिग है। जीवाजीगंज क्षेत्र निवासी एक नाबालिग को गिरफ्तार कर बाल संप्रेक्षण गृह भेजा है, जबकि 19 वर्षीय आरोपी लक्की पिता जुगल किशोर निवासी महावीरनगर को गिरफ्तार कर शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया। तीन नाबालिगों की और तलाश जारी है। सीएसपी पुष्पा प्रजापति ने बताया नाबालिग को जल्द टीम पता लगा लेगी, धरपकड़ के प्रयास जारी है। बाड़े में ले गया नाबालिग, फिर दोस्तों को भी बुलाया
26 सितंबर को चिमनगंज क्षेत्र स्थित घर से नाबालिग निकली। परिजन खोजने में जुटे। 28 सितंबर को अपहरण की रिपोर्ट चिमनगंज थाने में दर्ज कराई। उसे तलाश रहे थे इस बीच परिजन थाने लेकर आए और दुष्कर्म की घटना बताई। वह बोली क्षेत्र का नाबालिग लड़का उसे जीवाजीगंज क्षेत्र में सुनसान बाड़े में ले गया। जहां उसके दोस्त भी आ गए। उन्होंने मुझे पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया और बारी-बारी से दुष्कर्म किया। पुलिस ने बताया कि सभी लड़कों की पहचान हो गई है। पीड़िता का मेडिकल कराने के बाद उसके कोर्ट में बयान भी दर्ज करा दिए गए हैं।
