Homeमध्यप्रदेशडांस के बीच ढंकने पड़े मोदी-मोहन और शिवराज के चेहरे:सरकार के दिन...

डांस के बीच ढंकने पड़े मोदी-मोहन और शिवराज के चेहरे:सरकार के दिन गिन रहे पटवारी, डबल सेंचुरी का दावा; विधायक ने कटवाया चालान

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। डांस हुआ तो नेताओं के पोस्टर ढंक दिए
पार्टी विद डिफरेंस कही जाने वाली भाजपा के मंच पर भी कुछ डिफरेंस हो गया। चलते कार्यक्रम में मंच पर लगे नेताओं के फोटो को पर्दा लगाकर ढंकना पड़ा। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद इसकी जमकर चर्चा हो रही है। हुआ यूं कि भाजपा की सेवा संकल्प यात्रा रायसेन जिले के सिलवानी पहुंची थी। इस यात्रा के स्वागत के लिए भजन संध्या का आयोजन किया गया था। इसी दौरान मंच पर महिला कलाकारों ने डांस की प्रस्तुतियां भी दी। सब कुछ सामान्य चल रहा था। तभी अचानक चलते कार्यक्रम में महिला कलाकारों को कोने में बैठा दिया गया और एक बड़े से पर्दे से मंच पर लगा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मंत्री रामपाल सिंह समेत अन्य नेताओं के फोटो वाला बैनर ढंक दिया गया। मंच के बैकग्राउंड पर लगे इस बैनर को ढंकने के बाद महिला कलाकारों की डांस प्रस्तुतियां चलती रही। अब खरी बात ये है कि अगर मंच पर डांस को लेकर कोई आपत्ति थी तो डांस की प्रस्तुति रखी ही क्यों गई? और अगर डांस में कोई आपत्ति नहीं थी तो फिर नेताओं की तस्वीरों वाला बैनर अचानक क्यों ढंकना पड़ा? विधायक ने मानी गलती, कटवाया चालान
शाजापुर के कालापीपल से भाजपा विधायक घनश्याम चंद्रवंशी की अंतरात्मा जाग गई। वे खुद पुलिस के पास पहुंचे और अपनी गलती मानते हुए चालान कटवाया। दरअसल, हाल ही में विधायक का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वे दोनों हाथ छोड़कर बाइक चलाते नजर आए थे। हालांकि, ट्रोल होने पर उन्होंने माफी भी मांग ली थी। अब इस मामले में करीब 6 दिन बाद वे खुद पुलिस थाने पहुंचे और पुलिस से ट्रैफिक रूल्स तोड़ने की उस गलती के लिए अपना चालान कटवाया। हालांकि, इस दौरान विधायक का रील प्रेम कम नहीं हुआ। पुलिस जब उनका चालान काट रही थी तो इस कार्रवाई का भी वीडियो बनवाया गया। अब इस पर चुटकी ली जा रही है। लोग कह रहे हैं कि नेता जी ने पहले सड़क पर स्टंट किया और अब थाने में पब्लिसिटी स्टंट कर आए। वैसे खरी बात ये है कि विधायक की इस पहल को कानून के पालन का अच्छा उदाहरण कह सकते हैं, लेकिन पुलिस हिम्मत दिखाती और ये काम पहले ही खुद आगे रहकर करती तो लगता कि कानून ही सबसे ऊपर है। जीतू पटवारी बोले- कांग्रेस 200 सीटें जीतेगी
हाल ही में मध्य प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में तय किया गया कि पार्टी का फोकस उन 66 विधानसभा सीटों पर ज्यादा रहेगा, जिन पर उसे पिछले चुनाव में हार मिली थी। जब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी से भाजपा की इस रणनीति पर सवाल किया गया, तो उन्होंने बड़ा दावा कर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश की सभी 230 सीटों पर तैयारी शुरू कर दी है और 200 सीटें जीतकर कांग्रेस सरकार बनाएगी। इतना ही नहीं, जीतू पटवारी भाजपा सरकार के एक-एक दिन भी गिन रहे हैं। उन्होंने इसी अंदाज में कहा कि प्रदेश में भाजपा की इस सरकार को 2 साल, 9 महीने और 19 दिन हो गए हैं। अभी 803 दिन बचे हैं। मतलब 2 साल, 2 महीने और 11 दिन बचे हैं। इधर पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर तंज किया। उन्होंने कहा- कभी महात्मा गांधी ने कांग्रेस को खत्म करने की बात कही थी। राहुल गांधी बापू के इस कथन को सिद्ध करके ही रहेंगे कि कांग्रेस समाप्त करो। और अब अंदर की बात.. साहब की कलेक्टर बनने की उम्मीदें जागी
इंदौर के भागीरथपुरा कांड की रिपोर्ट में क्लीन चिट मिलने के बाद एक आईएएस अधिकारी की कलेक्टर बनने की उम्मीदें जाग गई हैं। दरअसल, भागीरथपुरा कांड के बाद इस अधिकारी को हटाकर लूप लाइन में भेज दिया गया था। अब जब उन्हें क्लीन चिट मिल गई है तो वे अपनी बिरादरी में यह प्रचारित कर रहे हैं कि वे जल्द ही कलेक्टर बनने वाले हैं। अब साथी आईएएस भी उनकी बात पर इसलिए भरोसा कर रहे हैं, क्योंकि इस अधिकारी को जब लूप लाइन में भेजा गया था तो वे वहां ज्यादा दिन तक नहीं रहे। उन्हें एक बोर्ड में एडिशनल कमिश्नर बना दिया गया था। सुना है कि इस अधिकारी की हसरत पूरी भी हो सकती है। सुना तो यहां तक है कि उनकी कोशिश ग्वालियर संभाग के किसी एक जिले में पोस्टिंग कराने की है। इनपुट सहयोग – देव शाक्य (रायसेन), पुरुषोत्तम परवानी (शुजालपुर), विजय सिंह बघेल (भोपाल) ये भी पढ़ें –
मिश्रा.. शर्मा.. फिर शुक्ला पर रुके जीतू पटवारी: आते ही बीजेपी की गुटबाजी भांप गए नए प्रभारी एमपी बीजेपी के नए प्रभारी बिप्लब कुमार देब से जब पार्टी के बड़े लीडर्स के बीच को-ऑर्डिनेशन की कमी को लेकर सवाल पूछा तो उन्होंने सवाल को ही सवाल बनाकर टालने की कोशिश की। लेकिन उनके पास बैठे प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के चेहरे के भाव बहुत कुछ कह गए। एक्सप्रेशन ऐसे थे, मानो वे कह रहे हों- बात तो सही है। पूरी खबर पढ़ें

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here