मध्यप्रदेश की सबसे लंबी और रीवा-सीधी के बीच आवागमन की लाइफलाइन मानी जाने वाली मोहनिया सुरंग अब स्टंटबाज युवाओं का अड्डा बनती जा रही है। लगातार सामने आ रहे खतरनाक स्टंट वीडियो के बाद रीवा पुलिस ने टनल क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने और निगरानी सख्त करने का फैसला लिया है। यहां जल्द ही चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे। रीवा और सीधी को जोड़ने वाली मोहनिया सुरंग विंध्य क्षेत्र की सबसे महत्वपूर्ण अवसंरचना परियोजनाओं में गिनी जाती है। इसके बनने से पहाड़ी और घुमावदार रास्तों की समस्या काफी हद तक खत्म हो गई है, जिससे दोनों जिलों के बीच यात्रा आसान और तेज हो गई है। लेकिन सुविधा के लिए बनाई गई यह सुरंग अब कुछ युवाओं के लिए खतरनाक स्टंटबाजी का केंद्र बनती जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे स्टंट वीडियो आए दिन सोशल मीडिया पर टनल के भीतर स्टंटबाजी के वीडियो वायरल हो रहे हैं। कई वीडियो में युवक बाइक का हैंडल छोड़कर, सीट पर खड़े होकर या तेज रफ्तार में लापरवाही से वाहन चलाते नजर आते हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि उसी दौरान टनल से अन्य वाहन भी गुजरते रहते हैं, जिससे गंभीर हादसे का खतरा बना रहता है। हाल ही में एक युवक का वीडियो सामने आया था, जिसमें वह टनल के भीतर बाइक पर खतरनाक स्टंट करता दिखाई दिया। इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पुलिस कर रही चालानी कार्रवाई रीवा पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर लगातार मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई कर रही है। कई स्टंटबाज युवाओं के खिलाफ चालान भी किए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद घटनाओं में कमी नहीं आई है। चेतावनी बोर्ड और जागरूकता अभियान की तैयारी रीवा पुलिस अधीक्षक गुरुकरण सिंह ने बताया कि टनल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की जाएगी। यहां चेतावनी और जागरूकता संबंधी बोर्ड लगाए जाएंगे, जिनमें स्पष्ट लिखा होगा कि टनल में स्टंटबाजी और खतरनाक ड्राइविंग प्रतिबंधित है और यह जानलेवा साबित हो सकती है। उन्होंने कहा कि पुलिस अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी युवाओं को जागरूक करेगी, ताकि वे समझ सकें कि कुछ सेकंड की रील या दिखावे के लिए की गई लापरवाही जानलेवा हो सकती है। पुलिस का मानना है कि सख्ती और जागरूकता के जरिए ऐसे मामलों में कमी लाई जा सकती है।
