जबलपुर में OLX पर सामान खरीदने के चक्कर में एक महिला साइबर ठगी का शिकार हो गई। जालसाजों ने शातिराना अंदाज में महिला के खाते से 2 लाख 41 हजार रुपये उड़ा लिए। यह घटना ग्वारीघाट थाना क्षेत्र से सामने आई है, जहां डिजिटलीकरण बढ़ने के साथ ही साइबर अपराध भी लगातार बढ़ रहे हैं। ग्वारीघाट थाना निरीक्षक केएस बघेल के अनुसार, पीड़िता उर्वशी बागमारे, जो ग्वारीघाट की निवासी हैं, ने OLX पर एक सामान देखा था। उसे खरीदने के लिए उन्होंने कथित विक्रेता से संपर्क किया। बातचीत के दौरान, जालसाज ने उर्वशी से मोबाइल नंबर मांगा और फिर उस पर आए ओटीपी को बताने के लिए कहा। ओटीपी मिलते ही आरोपी ने पलक झपकते ही उर्वशी के खाते से 2 लाख 41 हजार रुपये निकाल लिए और अपना मोबाइल बंद कर दिया। ठगी का अहसास होते ही पीड़िता उर्वशी ने तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। धोखाधड़ी की रकम 1 लाख रुपए से अधिक होने के कारण, साइबर पोर्टल से जानकारी मिलने के बाद ग्वारीघाट थाना पुलिस ने 28 जून को मामला दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की तकनीकी विवेचना और जांच शुरू कर दी गई है।
