Homeमध्यप्रदेशNH-47 पर टवेरा की टक्कर से तीन की मौत:बैतूल के टाहली जोड़...

NH-47 पर टवेरा की टक्कर से तीन की मौत:बैतूल के टाहली जोड़ पर हादसा, भांजे के साथ सहेली को घर छोड़ने जा रही थी मौसी

बैतूल में राष्ट्रीय राजमार्ग-47 पर मंगलवार को सड़क हादसे में तीन की जान चली गई। चिचोली थाना क्षेत्र के दनोरा-कुमली (टाहली जोड़) के पास तेज रफ्तार टवेरा वाहन ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो युवतियों ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, भीमपुर विकासखंड के खारीढाना गांव निवासी आंचल सेन (25) इंदौर में प्रा‌इवेट नौकरी करती थी। वह मंगलवार तड़के इंदौर से लौटकर फोरलेन स्थित टाहली जोड़ पर उतरी थी। घर पहुंचने के लिए उन्होंने अपनी सहेली खुशी पंडग्रे (22) को फोन कर बुलाया था। खुशी महदगांव क्षेत्र की रहने वाली थीं और कॉलेज में सेकंड ईयर की छात्रा थीं। उनके पिता खेती-किसानी का कार्य करते हैं। बताया जाता है कि खुशी अपने भांजे कपिल बारस्कर (18) के साथ बाइक से आंचल को लेने टाहली जोड़ पहुंची। कपिल जीन गांव का निवासी था। तीनों बाइक पर सवार होकर गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दनोरा-कुमली जोड़ के पास तेज रफ्तार टवेरा वाहन ने उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुई
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कपिल बारस्कर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आंचल सेन और खुशी पंडग्रे गंभीर रूप से घायल हो गईं। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी तथा घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक परीक्षण के बाद दोनों युवतियों को मृत घोषित कर दिया। मंगलवार को जिला अस्पताल में आंचल सेन और खुशी पंडग्रे के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। वहीं, कपिल बारस्कर का पोस्टमार्टम चिचोली में किया गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद तीनों शव परिजनों को सौंप दिए गए। ताप्ती घाट पर हुई अंतिम विदाई
कपिल बारस्कर और खुशी पंडग्रे का अंतिम संस्कार ताप्ती घाट पर किया जा रहा है, जबकि आंचल सेन का शव उसके पैतृक गांव खारीढाना ले जाया गया, जहां उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार शामिल हुए। चिचोली पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के लिए जिम्मेदार टवेरा वाहन जब्त कर लिया है। ड्राइवर की तलाश कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here