ग्वालियर में गोला का मंदिर चौराहे के पास शराब दुकान के बाहर 45 वर्षीय किसान की पत्थर से सिर और चेहरा कुचल कर हत्या कर दी गई। किसान शनिवार देर रात लहूलुहान हालत में मिला था। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां रविवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान पदमपुर खेरिया गांव निवासी सुघर सिंह राठौर (45) के रूप में हुई है। पुलिस को घटना स्थल से खून से सना पत्थर मिला है। वारदात के बाद पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले, जिसमें एक संदिग्ध युवक किसान के साथ शराब पीते और बाद में हाथापाई करते दिखाई दे रहा है। परिचित के जरिये गांव भिजवा दिया था बीज पुलिस के अनुसार, सुघर सिंह शनिवार को खेतों के लिए आलू का बीज खरीदने ग्वालियर आया था। बीज खरीदने के बाद उसने किसी परिचित के जरिए उसे गांव भिजवा दिया। इसके बाद वह किसी काम से शहर में ही रुक गया था। रात 12 बजे लहूलुहान हालत में मिला शनिवार देर रात करीब 12 बजे सुघर सिंह गोला का मंदिर चौराहे स्थित शराब दुकान के पास लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। उसके सिर और चेहरे पर भारी पत्थर से कई वार किए गए थे। सूचना मिलने पर गोला का मंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल पहुंचाया। रविवार सुबह इलाज के दौरान डॉक्टरों ने सुघर सिंह को मृत घोषित कर दिया। CCTV में संदिग्ध युवक के साथ दिखा पुलिस ने घटना स्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। फुटेज में एक युवक सुघर सिंह के साथ शराब पीता दिखाई दे रहा है। कुछ देर बाद दोनों के बीच कहासुनी और हाथापाई भी नजर आ रही है। पुलिस को आशंका है कि विवाद के बाद इसी युवक ने पत्थर से हमला किया। फिलहाल CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
