MP दिनभर में आज की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, एमपी में आज, क्या रहा खास… 1. रील बनाते समय ट्रेलर से टकराए बाइकर्स, 3 की मौत; पीछे से साथी बाइक सवार भी भिड़े, दो की हालत नाजुक मऊगंज के पन्नी-पथरिया नेशनल हाईवे पर सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई। चश्मदीदों के मुताबिक, पल्सर 220 बाइक पर सवार तीनों युवक मंगलवार सुबह करीब 11 बजे नेशनल हाईवे से गुजर रहे थे। बाइक तेज रफ्तार में थी, युवक मोबाइल पर रील बना रहे थे। इसी दौरान उनका ध्यान भटक गया और बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस हादसे के ठीक बाद एक अन्य बाइक टीवीएस अपाचे भी अनियंत्रित हो गई। अपाचे सवार दो युवक भी उसी ट्रेलर से जा भिड़े। दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें मऊगंज सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पढ़ें पूरी खबर… 2. BJP विधायक की बेटी ने युवक को पीटा; सागर में बैंक से बाहर बुलवाया, कार से उतरते ही बरसाए जूते सागर जिले की देवरी विधानसभा सीट से भाजपा विधायक बृजबिहारी पटेरिया की बेटी प्रियंका पटेरिया का एक वीडियो आया है। इसमें वे एक युवक की जूतों से पिटाई करती नजर आ रही हैं। घटना सोमवार की बताई जा रही है, जिसका वीडियो मंगलवार को सामने आया। पीड़ित राजेश शर्मा के अनुसार, वह सोमवार को गौरझामर स्थित एक बैंक में काम से गया था। वहां उसे मैसेज मिला कि विधायक की बेटी प्रियंका पटेरिया उसे बाहर बुला रही हैं। राजेश जैसे ही उनकी कार के पास पहुंचा, प्रियंका कार से उतरीं और अचानक उस पर जूतों से हमला कर दिया। पीड़ित ने इस संबंध में गौरझामर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पढ़ें पूरी खबर… 3. कुएं में गिरे 3 तस्करों की मौत, शहडोल में पुलिस से भाग रहे थे; कार से मिला 6 किलो गांजा शहडोल में गांजा तस्करों की कार अनियंत्रित होकर पलट गई। पुलिस उनकी गाड़ी का पीछा कर रही थी। इसमें 6 लोग सवार थे। भागने के दौरान इनमें से कुछ कुएं में गिर पड़े। घटना सोमवार देर रात कामता तिराहे के पास हुई। मंगलवार सुबह पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तीन लाशें बरामद कर ली हैं। बाकी कार सवारों की तलाश जारी है। थाना प्रभारी जय प्रकाश शर्मा ने बताया कि क्रेटा कार से करीब 6 किलो गांजा बरामद किया गया है। मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है। बाकी आरोपियों की तलाश कर रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर… 4. महिला को तालिबानी सजा, पति को कंधे पर बैठाकर गलियों में घुमाया; बाल भी काटे झाबुआ जिले में एक महिला को पति को कंधे पर बैठाकर गांव में घुमाने के लिए मजबूर किया गया। उसका मुंडन करा दिया गया। घटना के वीडियो भी सामने आए हैं। पुलिस ने पति समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, महिला पर पति को छोड़कर किसी और शख्स के साथ जाने का आरोप था। जिसके ऐवज में उसे ‘सजा’ के तौर पर यह तालिबानी प्रताड़ना दी गई। एडिशनल एसपी प्रतिपाल सिंह महोबिया ने कहा कि वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने पीड़ित महिला को तलाशा। उसके बयान लेकर केस दर्ज किया। पीड़िता को महिला संरक्षण गृह में रखा गया है। पढ़ें पूरी खबर… 5. ‘जय भीम’ से गूंजी अंबेडकर की जन्मस्थली, सीएम बोले- बाबासाहेब ने लोकतंत्र को अमर बनाया; पटवारी ने कहा- भाजपा संविधान से खेलती है भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पूरे मध्य प्रदेश में धूमधाम से मनाई गई। इंदौर जिले के डॉ. अंबेडकर नगर महू में हुए मुख्य कार्यक्रम में देशभर से श्रद्धालु और बौद्ध भिक्षु पहुंचे। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने संविधान निर्माण के जरिए देश के लोकतंत्र को अमर बनाया। वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी अंबेडकर के नाम पर राजनीति कर रही है और संविधान से खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने आरक्षण और सामाजिक न्याय के मुद्दों को लेकर भी सवाल उठाए। पढे़ं पूरी खबर… 6. कई जिलों में भीषण लू का अलर्ट, तापमान 44°C तक जाने के आसार; MP में रतलाम सबसे गर्म, पारा 41.2°C पहुंचा मध्य प्रदेश में सूरज ने तीखे तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 16 और 17 अप्रैल से प्रदेश के कई जिलों में भीषण लू चल सकती है। उधर, रतलाम का तापमान 41.2°C दर्ज किया गया है। इसके अलावा धार, नर्मदापुरम और खरगोन में भी पारा 40 डिग्री के ऊपर रहा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 15 अप्रैल से एक नया सिस्टम बन तो रहा है, लेकिन वह काफी कमजोर है। इसका मतलब है कि अब गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। पढ़ें पूरी खबर… 7. रायसेन में नरवाई की आग में जिंदा जला बुजुर्ग, आसपास के खेत भी चपेट में आए रायसेन जिले में प्रतिबंध के बावजूद नरवाई जलाने पर रोक नहीं लग रही है। मंगलवार को अमोदा गांव में नरवाई में लगाई गई आग की चपेट में आने से कई खेतों को नुकसान पहुंचा। लपटों ने हरे-भरे पेड़ों को भी अपनी चपेट में ले लिया। ऐसी आग से ही रविवार को 72 वर्षीय किसान नंदलाल वर्मा की मौत हो गई थी। नंदलाल अपने खेत पर मौजूद थे, इसी दौरान आग उनकी झोपड़ी तक पहुंच गई। उन्होंने झोपड़ी में रखे खेती के उपकरण और सामान बचाने का प्रयास किया, लेकिन लपटों ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया। पढ़ें पूरी खबर… पॉजिटिव खबर 8. शुगर लेवल 18 हुआ तो सड़क पर गिरा ड्राइवर, लोग नशेड़ी समझकर आगे बढ़ते रहे; समाजसेवी ने अस्पताल पहुंचाया गुना में शिक्षा विभाग के सामने रोड पर पड़े एक व्यक्ति की जान समाजसेवी प्रमोद भार्गव ने बचाई। सड़क किनारे पड़े युवक को हर कोई नशेड़ी समझकर आगे बढ़ता रहा। प्रमोद भार्गव ने जब उसे देखा, तो उठाकर अस्पताल ले गए। यहां जांच के दौरान पता चला कि उस शख्स का शुगर लेवल 18 पर आ गया था, जो बेहद खतरनाक स्थिति थी। इलाज के बाद व्यक्ति को होश आया। उसने अपना नाम नरेश रेगर बताया। वह भीलवाड़ा जिले का रहने वाला है और ट्रक चलाता है। उसे यह भी याद नहीं था कि वह कैसे बेहोश हुआ। पढ़ें पूरी खबर… खबर जरा हटके 9. इंदौर में सात फेरों के साथ गूंजेगा वंदे मातरम; सामूहिक विवाह में 25 जोड़े लेंगे स्वच्छता और राष्ट्र रक्षा के 9 वचन इंदौर के गांधी हॉल में 15 अप्रैल को सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसमें 25 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह सूत्र में बंधेंगे। कार्यक्रम में शामिल सभी जोड़े, बाराती और घराती सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम’ का गायन करेंगे। इस बार समारोह की खास बात यह रहेगी कि पारंपरिक सात फेरों के साथ नवदंपतियों को नौ विशेष वचन भी दिलाए जाएंगे। इन वचनों में इंदौर को स्वच्छता में नंबर वन बनाए रखने, राष्ट्र -धर्म की रक्षा करने और सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने का संकल्प शामिल रहेंगे। पढ़ें पूरी खबर… कल का बिग इवेंट 10. बुधवार को जारी होगा 10वीं-12वीं बोर्ड का रिजल्ट, इस साल 16 लाख स्टूडेंट्स ने दी थी परीक्षा एमपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं क्लास का परीक्षा परिणाम बुधवार सुबह 11 बजे जारी किया जाएगा। स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने बताया कि रिजल्ट से पहले क्रॉस चेकिंग और वेरिफिकेशन तेजी से पूरा किया गया। हर स्तर पर जांच की गई, ताकि कोई गलती न रहे। रिजल्ट फूलप्रूफ रखा गया है, जिससे छात्रों को परेशानी न हो। इस साल 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में 16 लाख से अधिक स्टूडेंट्स शामिल हुए थे। इनमें से 9 लाख 7 हजार छात्र 10वीं और लगभग 7 लाख छात्र 12वीं की परीक्षा में बैठे। परीक्षा के लिए 3856 केंद्र बनाए गए थे। पढे़ं पूरी खबर…
