केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने बुधवार दोपहर करीब 1:50 बजे 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया। भोपाल के 9,399 समेत मध्य प्रदेश के 80,454 छात्रों के साथ देशभर के लाखों स्टूडेंट्स का इंतजार खत्म हो गया है। इस बार भोपाल रीजन का प्रदर्शन राष्ट्रीय औसत से कमजोर रहा। इस वर्ष भोपाल रीजन में 79.43 प्रतिशत विद्यार्थी पास हुए, जबकि देशभर का औसत पास प्रतिशत 85.20 प्रतिशत दर्ज किया गया। इस तरह भोपाल रीजन राष्ट्रीय औसत से 5.77 प्रतिशत पीछे रहा। रिजल्ट के आंकड़ों के अनुसार, भोपाल रीजन का प्रदर्शन रायपुर, लखनऊ और रांची जैसे कई रीजन से भी कमजोर रहा। इससे मध्य प्रदेश के छात्रों के प्रदर्शन को लेकर शिक्षा क्षेत्र में चर्चा शुरू हो गई है। वहीं, देशभर में इस वर्ष CBSE 12वीं परीक्षा का कुल पास प्रतिशत 85.20 दर्ज किया गया, जो पिछले वर्ष के 88.39 प्रतिशत की तुलना में 3.19 प्रतिशत कम है। यानी इस बार राष्ट्रीय स्तर पर परिणाम में गिरावट दर्ज की गई। तिरुवनंतपुरम में 95.62 प्रतिशत विद्यार्थी सफल क्षेत्रवार प्रदर्शन में तिरुवनंतपुरम (त्रिवेंद्रम) रीजन ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया, जहां 95.62 प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए। इसके विपरीत प्रयागराज रीजन का प्रदर्शन सबसे कमजोर रहा और यहां पास प्रतिशत 72.43 दर्ज किया गया। दिल्ली वेस्ट और दिल्ली ईस्ट रीजन ने भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए 91 प्रतिशत से अधिक परिणाम हासिल किए। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि अलग-अलग क्षेत्रों में प्रदर्शन का अंतर शिक्षा संसाधनों, तैयारी और शैक्षणिक माहौल से भी जुड़ा हो सकता है। वेबसाइट और एप पर ऐसे देखें रिजल्ट सीबीएसई ने 12वीं का रिजल्ट अपनी आधिकारिक वेबसाइट के साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जारी किया है। छात्र रोल नंबर, स्कूल नंबर, एडमिट कार्ड आईडी और जन्मतिथि की मदद से लॉग-इन कर मार्कशीट देख सकते हैं। भारी ट्रैफिक के कारण परेशानी से बचने के लिए बोर्ड ने DigiLocker और UMANG एप का विकल्प भी उपलब्ध कराया गया है। फेल छात्रों को मिलेगा दूसरा मौका एक या अधिक विषयों में पास नहीं होने वाले छात्रों को इस बार भी कंपार्टमेंट परीक्षा का मौका मिलेगा। इससे उनका साल खराब नहीं होगा और वे अपने अंक सुधार सकेंगे। बोर्ड जल्द ही कंपार्टमेंट परीक्षा का शेड्यूल जारी करेगा, जिसके बाद आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। री-इवैल्यूएशन और कॉपी जांच का विकल्प जो छात्र अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं, वे वेरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा छात्र उत्तर पुस्तिका की फोटोकॉपी भी मंगा सकेंगे, ताकि वे अपने उत्तरों की समीक्षा कर सकें। बोर्ड जल्द ही इसकी तारीखें जारी करेगा। डिजिटल सिस्टम से हुआ मूल्यांकन इस साल 12वीं बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से 10 अप्रैल 2026 के बीच कराई गई थीं। परीक्षा देशभर में एक शिफ्ट में हुई थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद बोर्ड ने डिजिटल सिस्टम के जरिए कॉपियों का मूल्यांकन किया, जिससे प्रक्रिया तेज और पारदर्शी रही। छात्रों के लिए जरूरी सलाह बोर्ड ने छात्रों को सलाह दी थी कि रिजल्ट देखने से पहले जरूरी दस्तावेज और विवरण तैयार रखें, ताकि लॉग-इन में परेशानी न हो। अब छात्र आगे की पढ़ाई और करियर से जुड़े फैसले ले सकेंगे, जबकि जरूरत पड़ने पर सुधार के विकल्प भी खुले रहेंगे। 12वीं के रिजल्ट में अगर आपके 90% से ज्यादा अंक हैं तो इस लिंक के जरिए हमें जानकारी भेजें…
