मध्य प्रदेश में LPG गैस को लेकर आम लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। इंदौर में नए LPG गैस कनेक्शन के लिए पोर्टल को एक महीने के लिए बंद कर दिया गया है। खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारी मोहनलाल मारू के मुताबिक इस अवधि के दौरान e-KYC और नए कनेक्शन से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं भी सस्पेंड रहेंगी। वहीं भोपाल के लालघाटी स्थित प्रियंका गैस एजेंसी पर शुक्रवार को सिलेंडर को लेकर जमकर हंगामा हुआ। बड़ी संख्या में लोग गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी पहुंचे थे। इनमें कई ऐसे ग्राहक भी शामिल थे, जिन्होंने 4 से 5 दिन पहले ही बुकिंग कराई थी। बुकिंग के बाद भी नहीं मिला सिलेंडर ग्राहकों का आरोप है कि जब वे सिलेंडर लेने पहुंचे तो एजेंसी की ओर से बताया गया कि उनका सिलेंडर पहले ही डिलीवर किया जा चुका है, जबकि हकीकत में सिलेंडर उनके घर तक पहुंचा ही नहीं था। इस बात को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ गई। उन्होंने एजेंसी पर विरोध जताना शुरू कर दिया। 28 मार्च को बुकिंग कराई, 3 अप्रैल को भी नहीं मिला ग्राहक अशोक उपाध्याय ने बताया, यह मामला सीधे सिलेंडर चोरी का है। 28 मार्च को बुकिंग कराई थी, लेकिन यह 3 अप्रैल की सुबह तक भी सप्लाई नहीं हुआ। इस पर एजेंसी पर पहुंचे और जानकारी ली। यहां से पता चला कि सिलेंडर तो पहले ही घर पर डिलीवर हो गया। एक अन्य ग्राहक ने बताया कि प्रियंका एजेंसी पर बुकिंग कराई थी, लेकिन सिलेंडर नहीं दे रहे। सुबह से लगी रही भीड़, लोग परेशान सुबह से ही एजेंसी के बाहर लोगों की भीड़ जुटने लगी थी। कई ग्राहकों ने बताया कि वे कई दिनों से सिलेंडर का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन समय पर डिलीवरी नहीं हो रही। कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि बिना सिलेंडर दिए ही सिस्टम में डिलीवरी दिखा दी जाती है। 25 हजार से ज्यादा बुकिंग पेंडिंग भोपाल में अभी 25 हजार से ज्यादा बुकिंग पेंडिंग है। हर रोज 12 से 14 हजार तक सिलेंडर बुक हो रहे हैं, जबकि इनकी सप्लाई 10 से 11 हजार है। इस वजह से बुकिंग बढ़ गई है। जांच और कार्रवाई की बात स्थिति बिगड़ती देख मौके पर हंगामे का माहौल बन गया। लोगों ने एजेंसी प्रबंधन से जवाब मांगा और जल्द समाधान की मांग की। फिलहाल इस मामले में संबंधित अधिकारियों की ओर से जांच और कार्रवाई की बात कही जा रही है। भोपाल कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश भोपाल कलेक्टर ने गैस सिलेंडर वितरण में अनियमितता, ज्यादा वसूली और सुरक्षा उल्लंघन की शिकायतों पर सख्त रुख अपनाया है। 4 अप्रैल 2026 को सभी SDM और तहसीलदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में गैस एजेंसियों की सघन जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच में दर सूची और स्टॉक डिस्प्ले, सिलेंडर का सही वजन, स्टॉक मिलान, अतिरिक्त डिलीवरी चार्ज वसूली, घरेलू सिलेंडर के दुरुपयोग और अवैध रिफिलिंग जैसे बिंदु शामिल रहेंगे। नियमों के उल्लंघन पर अनिवार्य वस्तु अधिनियम 1955 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। ……………………………….. यह खबर भी पढ़ें भोपाल में LPG सिलेंडर की किल्लत पर प्रदर्शन भोपाल में LPG संकट बरकरार है। होटल और रेस्टोरेंट को पिछले 10 दिन से कमर्शियल सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं, तो घरेलू सिलेंडर की भी किल्लत है। बुकिंग कराने के 2 से 4 दिन के बाद ही सिलेंडर मिल रहे हैं। इसे लेकर आम लोगों में गुस्सा है। वहीं, कांग्रेस भी प्रदर्शन कर रही है। पढ़ें पूरी खबर…
