राजगढ़ जिले के ब्यावरा में एक छात्रा ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। उसका शरीर तीन हिस्सों में बंट गया। सिर घटना स्थल से करीब 300 मीटर दूर मिला, जबकि पैर का पता नहीं चला। घटना सोमवार देर रात भोपाल बायपास स्थित कचनारिया आईटीआई के सामने की है। देहात थाना पुलिस के एएसआई गुलाब सिंह धाकड़ ने बताया कि पचौर से ब्यावरा की ओर आ रही ओखा-गोरखपुर एक्सप्रेस के लोको पायलट ने स्टेशन पर सूचना दी थी। उसने बताया कि कचनारिया आईटीआई के सामने एक युवती इंजन के आगे कूद गई थी। इसके बाद स्टेशन के ऑन-ड्यूटी डिप्टी एसएस ने तत्काल पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही एएसआई धाकड़ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहां युवती का क्षत-विक्षत हालत में शव मिला। पैर तलाश रही पुलिस पुलिस के अनुसार, आशंका है कि ट्रेन से टकराने के बाद युवती का शरीर अलग-अलग हिस्सों में बंट गया। यह भी संभावना है कि गायब पैर ट्रेन के इंजन में फंसकर आगे चला गया हो। इसी आशंका के चलते पुलिस देर रात तक रेलवे ट्रैक पर उतरकर उसकी तलाश करती रही। सेकंड ईयर में पढ़ती थी छात्रा पुलिस ने युवती की पहचान पडोनिया निवासी 22 वर्षीय टीना दांगी पिता हरिनारायण दांगी के रूप में की है। टीना सेकंड ईयर की पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। फिलहाल, पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। युवती ने आत्महत्या क्यों की? पुलिस इसका पता लगा रही है।
