इंदौर के अलग-अलग वार्डों से सामने आ रही जनसमस्याओं के समाधान में दैनिक भास्कर एप का ‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। इसके जरिए नागरिक अपनी समस्याएं सीधे संबंधित विभागों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचा रहे हैं। शिकायत सामने आने के बाद जिम्मेदार उसका संज्ञान लेकर कार्रवाई कर रहे हैं, जिससे लोगों को राहत मिल रही है। (आमजन से जुड़ी जनसमस्याएं और शहर की जमीनी हकीकत पोस्ट करने के लिए यहां क्लिक करें…) वार्ड 47 के पार्षद नंदकिशोर पहाड़िया बने आज के ‘पब्लिक स्टार’ वार्ड 47 के वल्लभ नगर, शिवाजी नगर निवासी कपिल कुमार प्रजापति ने ‘भास्कर समाधान’ पर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि घरों में नर्मदा के पानी के साथ ड्रेनेज का पानी भी आ रहा है। शिकायत सामने आने के बाद आज के ‘पब्लिक स्टार’ पार्षद नंदकिशोर पहाड़िया ने मामले को संज्ञान में लिया और समस्या का समाधान कराया। एप से लोगों को मिल रहा समाधान सिंधु नगर: दो महीने से जमा कचरा जेसीबी से हटवाया वार्ड 65 के सिंधु नगर निवासी हरीश असरानी ने ‘भास्कर समाधान’ पर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि माता जी के मंदिर के बाहर करीब दो महीने से कचरे का ढेर जमा था। इससे आसपास गंदगी और लोगों को परेशानी हो रही थी। शिकायत सामने आने के बाद चीफ हेल्थ इंस्पेक्टर शिवेंद्र सिंह सिकरवार ने मामले को संज्ञान में लिया और जेसीबी से सफाई करवाकर कचरा हटवाया। फूटे चैंबर, बिजली के खतरनाक पैनल और उलझे तारों से परेशान शहरवासी दो साल से फूटे चैंबर और ड्रेनेज जाम, गंदगी और बदबू से परेशानी वार्ड 70 के निवासी निर्भय सिंह ने शिकायत दर्ज कराई है कि गली के चैंबर फूटे हुए हैं और ड्रेनेज लाइन भी जाम है। शिकायतकर्ता के अनुसार, सफाई कर्मचारी आते हैं, लेकिन अगले ही दिन फिर वही स्थिति हो जाती है। इससे गली में गंदगी और बदबू बनी रहती है। सीएम हेल्पलाइन और पार्षद को शिकायत देने के बावजूद पिछले दो साल से समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। सुखलिया: जमीन से सटा बिजली पैनल, बारिश में करंट का डर वार्ड 20 के निवासी सुनील दुबे ने शिकायत दर्ज कराई है कि बिजली का पैनल जमीन से लगा हुआ है। बारिश के दौरान जमीन में करंट आने का खतरा रहता है। शिकायतकर्ता के अनुसार, वे करीब 10 साल से यह समस्या देख रहे हैं। बिजली विभाग की ओर से पैनल बदलने की बात कही गई, लेकिन अब तक इसे बदला नहीं गया है। सुदामा नगर: 20 दिन से आधी सड़क खुदी, बड़े पत्थरों से रास्ता बंद वार्ड 82 की निवासी तेजस्विनी जोशी ने शिकायत दर्ज कराई है कि मेयर के घर के पीछे वाली गली की आधी सड़क करीब 20 दिन से खुदी पड़ी है। शिकायतकर्ता के अनुसार, सड़क पर बड़े-बड़े पत्थर छोड़ दिए गए हैं, जिससे लोगों को घर से निकलने और वाहन ले जाने में परेशानी हो रही है। उन्होंने सड़क की मरम्मत कर रास्ता जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है। वार्ड 71: उलझे बिजली के तारों से स्कूल के पास हादसे का खतरा वार्ड 71 की निवासी अंजुलता सोनी ने शिकायत दर्ज कराई है कि इलेक्ट्रिक पोल पर वाई-फाई और अन्य कनेक्शन के तार आपस में उलझे हुए हैं। इससे सड़क पर आने-जाने वाले वाहनों को परेशानी होती है और हादसे का खतरा बना रहता है। शिकायतकर्ता ने पोल के तारों को व्यवस्थित कराने के साथ पास के स्कूल को दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग की है। पब्लिक को आवाज देने का डिजिटल प्लेटफॉर्म दैनिक भास्कर एप का ‘भास्कर समाधान’ ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी अपने क्षेत्र की सिविक समस्याएं सीधे पोस्ट कर सकते हैं। शिकायत संबंधित विभाग और जिम्मेदारों तक पहुंचती है। समस्या का समाधान होने पर यूजर्स इसकी जानकारी एप पर अपडेट भी कर सकते हैं। अधिकारी भी बता सकेंगे, क्या कार्रवाई की इस प्लेटफॉर्म पर संबंधित अधिकारी अपनी कार्रवाई की जानकारी भी साझा कर सकते हैं। अधिकारी मैप पर शिकायत की लोकेशन देखकर मौके पर कार्रवाई कर सकते हैं और समाधान होने पर एप के जरिए शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी दे सकते हैं। ‘भास्कर समाधान’ बदलाव की पहल ‘भास्कर समाधान’ का उद्देश्य शहर की जनसमस्याओं को सीधे जिम्मेदारों तक पहुंचाना है, ताकि आमजन और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद हो और समस्याओं के समाधान में तेजी आए।
