भोपाल में खुद को IAS अधिकारी बताकर लोगों को ठगने के आरोपी रामानुज गुर्जर की गिरफ्तारी के बाद अब उसके तीन वीडियो सामने आए हैं। इन वीडियो में वह नोट गिनता हुआ दिखाई दे रहा है। वहीं, आरोपी के पास से भाजपा की सदस्यता का कार्ड भी मिला है। आरोपी ने अलग अलग करीब 42 लाख की ठगी की है। आरोपी को मंगलवार की रात गिरफ्तार कर लिया गया था। जिसके बाद बुधवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया।पुलिस अब इस कार्ड की प्रामाणिकता और उससे जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि आरोपी सरकारी अधिकारियों तक पहुंच होने का दावा कर लोगों से रकम कैसे हासिल करता था और उसके संपर्क किन लोगों से थे। गांधी नगर पुलिस ने करीब 40 वर्षीय रामानुज गुर्जर को गिरफ्तार किया है। मूल रूप से नरसिंहगढ़ क्षेत्र का रहने वाला आरोपी भोपाल की एयरोसिटी कॉलोनी में पत्नी और दो बच्चों के साथ रह रहा था। अलग-अलग थानों में 10 से ज्यादा शिकायतें पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में 10 से ज्यादा शिकायतें सामने आई हैं। आरोप है कि वह सरकारी काम कराने, आर्म्स लाइसेंस बनवाने और टेंडर दिलाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपए वसूलता था। अलग-अलग शिकायतों में ठगी की रकम करोड़ों रुपए तक बताई जा रही है। नोट गिनने के तीन वीडियो पुलिस के सामने इस मामले में अब आरोपी के तीन वीडियो सामने आए हैं। इनमें वह नोट गिनता नजर आ रहा है। पुलिस इन वीडियो की पड़ताल कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ये किस समय के हैं और इनमें दिखाई दे रही रकम का संबंध किसी शिकायत या ठगी के मामले से है या नहीं। आरोपी के पास से भाजपा की सदस्यता का कार्ड मिलने के बाद पुलिस इसकी भी जांच कर रही है। कार्ड कब और किस प्रक्रिया से जारी हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल कार्ड मिलने से किसी राजनीतिक पद या संरक्षण की पुष्टि नहीं होती है। आर्म्स लाइसेंस के नाम पर लिए सात लाख हालिया शिकायत में आरोपी ने एक व्यक्ति को आर्म्स लाइसेंस बनवाने का भरोसा दिया था। उसने दावा किया था कि कलेक्टर कार्यालय में उसकी अच्छी पहचान है और वह आसानी से लाइसेंस बनवा सकता है। इसके बदले फरियादी से दो बार में तीन लाख रुपए नकद लिए। इसके अलावा तीन लाख रुपए अलग-अलग किस्तों में ऑनलाइन ट्रांसफर कराए और एक लाख रुपए की डीडी अपने खाते में जमा करा ली। इस तरह कुल सात लाख रुपए लेने के बाद भी लाइसेंस नहीं बनवाया। 14 साल पहले भी IAS बनकर कर चुका है ठगी आरोपी का पुराना रिकॉर्ड भी सामने आया है। करीब 2012 में जयपुर के ज्योति नगर थाना क्षेत्र में उसने खुद को IAS अधिकारी और प्रधानमंत्री कार्यालय में पदस्थ अधिकारी बताकर एक फर्म में कानूनी सलाहकार की नौकरी हासिल की थी। आरोप है कि इस दौरान उसने करीब पांच लाख रुपए लिए थे। शिकायत के बाद जयपुर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। जेल से बाहर आने के बाद उसने नाम और पहचान बदलकर दोबारा ठगी शुरू कर दी। डॉक्टर से 30 लाख और सरपंचों से ठगी की शिकायतें पुलिस को मिली शिकायतों के अनुसार, आरोपी ने एक डॉक्टर को प्लॉट दिलाने का झांसा देकर करीब 30 लाख रुपए लिए थे। वहीं, कुछ सरपंचों से सरकारी टेंडर दिलाने के नाम पर रकम वसूलने की शिकायतें भी सामने आई हैं। वह लोगों को भरोसे में लेने के लिए बड़े अधिकारियों से करीबी और सरकारी तंत्र में ऊंची पहुंच होने का दावा करता था। डीसीपी जोन-4 आदर्शकांत शुक्ला के मुताबिक, आरोपी शातिर किस्म का है। वह नाम और पहचान बदलकर कई लोगों के साथ ठगी कर चुका है। उसके पुराने रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल एक मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई की गई है, जबकि अन्य शिकायतों की जांच जारी है। पुलिस वीडियो, सदस्यता कार्ड और आरोपी के संपर्कों से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है।
