Homeविदेशजैश आतंकी बोला- हमारा जिहाद भारत के खिलाफ:PoK में संगठन की मौजूदगी...

जैश आतंकी बोला- हमारा जिहाद भारत के खिलाफ:PoK में संगठन की मौजूदगी कबूली; कहा- पाकिस्तानी अधिकारी प्रदर्शनकारियों को मारने की साजिश रच रहे

पाकिस्तान के आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के कमांडर मसूद इलियास कश्मीरी ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में संगठन की मौजूदगी कबूल की है। उसने कहा कि जैश का जिहाद भारत के खिलाफ है। साथ ही उसने पाकिस्तानी अधिकारियों पर PoK के रावलाकोट में प्रदर्शन कर रहे लोगों और उनके नेताओं को मारने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। कश्मीरी के मुताबिक, जैश के हथियारबंद लड़ाके प्रदर्शन में शामिल नहीं हैं, लेकिन लोगों का खून बहने के बाद संगठन उनके साथ खड़ा हुआ। कश्मीरी ने ये बातें इस्लामाबाद में जम्मू-कश्मीर अवामी पार्टी की ओर से आयोजित एक बैठक में कहीं। कश्मीरी बोला- PoK में प्रदर्शनकारियों के साथ खड़े हैं बैठक में मसूद इलियास कश्मीरी ने कहा कि प्रदर्शन कर रही जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी से मतभेद होने के बावजूद हम उनके साथ खड़े हुए हैं। उसने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोगों ने एक्शन कमेटी के नेताओं और रावलाकोट में बैठे लोगों को मारने का फैसला किया है।” उसने कश्मीरी नेताओं सरदार याकूब खान और सरदार मसूद से भी अपील की कि वे जैश के प्रतिनिधियों के साथ रावलाकोट जाएं और प्रदर्शनकारियों से बात करें। कश्मीरी ने भरोसा दिलाया कि उनके साथ कुछ गलत नहीं होगा। PoK में प्रदर्शन की 4 बड़ी वजहें पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) का प्रदर्शन 7 जून 2026 को शुरू हुआ था। शुरुआत में लोग महंगे आटे और बिजली के बिलों को लेकर सड़कों पर उतरे थे। बाद में आंदोलन में विधानसभा की सीटों और स्थानीय लोगों के अधिकारों का मुद्दा भी जुड़ गया। अब प्रदर्शनकारी पाकिस्तानी सेना और रेंजर्स को वापस बुलाने के साथ अपने नेताओं पर दर्ज केस खत्म करने की मांग भी कर रहे हैं। 1. विधानसभा की 12 सीटों को लेकर विवाद PoK विधानसभा में कुल 53 सीटें हैं। इनमें से 12 सीटें पाकिस्तान के दूसरे हिस्सों में रहने वाले कश्मीर मूल के लोगों के लिए रखी गई हैं। प्रदर्शनकारी इन सीटों को खत्म करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि इन सीटों के जरिए पाकिस्तान सरकार PoK की राजनीति में दखल देती है। इन सीटों पर ऐसे लोग चुने जाते हैं, जो PoK में नहीं रहते। इससे वहां रहने वाले लोगों को विधानसभा में सही जगह नहीं मिल पाती। 7 जून को PoK के सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद यह विवाद और बढ़ गया। कोर्ट ने कहा था कि इन सीटों को खत्म करने के लिए संविधान में बदलाव करना होगा। 2. मंगला डैम के बावजूद महंगी बिजली PoK में मंगला डैम से बड़ी मात्रा में बिजली बनती है। इसके बावजूद वहां के लोगों को बिजली महंगी मिलती है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब बिजली उनके इलाके में बनती है, तो उन्हें भी यह कम कीमत पर मिलनी चाहिए। 3. महंगा आटा और रोजमर्रा की चीजें PoK में आटे और दूसरी जरूरी चीजों की कीमतें बढ़ने से लोग परेशान हैं। प्रदर्शनकारी चाहते हैं कि सरकार आटे पर सब्सिडी दे, ताकि लोगों को यह सस्ते दाम पर मिल सके। इसके साथ ही वे बिजली के बिल कम करने की मांग भी कर रहे हैं। 4. सेना और रेंजर्स को वापस बुलाने की मांग प्रदर्शनकारियों का कहना है कि आंदोलन को रोकने के लिए पाकिस्तानी सेना और रेंजर्स को तैनात किया गया है। वे चाहते हैं कि इन सुरक्षाबलों को वापस बुलाया जाए। इसके अलावा JAAC के नेताओं पर आतंकवाद विरोधी कानून के तहत दर्ज केस खत्म करने की मांग भी की जा रही है। बातचीत नाकाम हुई, फिर शुरू हुआ धरना प्रदर्शनकारियों और सरकार के बीच मई 2026 में बातचीत हुई थी, लेकिन कोई रास्ता नहीं निकला। इसके बाद 5 जून को सरकार ने आतंकवाद विरोधी कानून के तहत JAAC पर प्रतिबंध लगा दिया। दो दिन बाद, 7 जून को कमेटी ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। 5 नवंबर को धरने के 153वें दिन सुरक्षा बलों ने रावलाकोट में प्रदर्शनकारियों के शिविर हटाने के लिए तड़के कार्रवाई की। ये शिविर डी-चौक और बस टर्मिनल के पास लगे थे। इस दौरान सुरक्षा बलों और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पें हुईं। इनमें 3 से 7 लोगों की मौत हुई, जबकि दर्जनों लोग घायल हो गए। पाकिस्तानी अधिकारियों पर जरूरत से ज्यादा बल इस्तेमाल करने के आरोप भी लगे। आंदोलन में अब तक 153 लोगों की मौत 7 जून से शुरू हुआ यह आंदोलन लगातार बढ़ता गया। आंदोलन में जान गंवाने वालों की संख्या 153 हो गई। अब प्रदर्शनकारी सिर्फ सस्ता आटा और कम बिजली बिल नहीं मांग रहे हैं। उनकी मांगों में राजनीतिक अधिकार, सेना और रेंजर्स की वापसी और अपने नेताओं पर दर्ज केस खत्म करना भी शामिल हो गया है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here