छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में पुलिस ने कंटेनर ट्रक से 2 करोड़ 3 लाख 66 हजार 500 रुपए गांजा जब्त किया है। तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए ड्राइवर सीट के ऊपर सीक्रेट चैंबर बना रखा था, जिसमें 192 पैकेटों में 4 क्विंटल से अधिक गांजा छिपाया गया था। चिल्फी पुलिस ने नेशनल हाईवे-30 पर नाकाबंदी कर ट्रक को पकड़ा और उत्तरप्रदेश के अलीगढ़ के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जब्त गांजा, ट्रक और मोबाइल की कुल कीमत 2 करोड़ 29 लाख 76 हजार 500 रुपए बताई गई है। पहले देखिए तस्वीरें अब जानिए पूरा मामला कबीरधाम पुलिस अंतरराज्यीय रास्तों पर नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान 23 नवंबर को चिल्फी पुलिस को सूचना मिली कि PADHAN लिखा कंटेनर ट्रक भारी मात्रा में गांजा लेकर रायपुर, कवर्धा और चिल्फी के रास्ते मध्यप्रदेश की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने चिल्फी थाने के सामने नेशनल हाईवे-30 पर नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध कंटेनर वहां पहुंचा। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। ड्राइवर सीट के ऊपर बना रखा था सीक्रेट चैंबर ट्रक की तलाशी के दौरान पुलिस को ड्राइवर सीट के ऊपर एक सीक्रेट चैंबर मिला। इसे खोलकर जांच की गई तो अंदर खाकी रंग के टेप से लिपटे 192 पैकेट मिले। सभी पैकेटों में गांजा भरा हुआ था। इसका कुल वजन 407 किलो 330 ग्राम निकला। पुलिस ने बरामद गांजे की कीमत 2 करोड़ 3 लाख 66 हजार 500 रुपए आंकी है। अलीगढ़ के दो आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने ट्रक में सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान राजू यादव (27) और विकास यादव (26), दोनों उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के रहने वाले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे 17 नवंबर को अलीगढ़ से कंटेनर ट्रक लेकर निकले थे। 21 नवंबर को ओडिशा के सुनकीघाटी में ट्रक के सीक्रेट चैंबर में गांजा भरवाया गया था। इसके बाद वे गांजा लेकर रायपुर, कवर्धा और चिल्फी के रास्ते अलीगढ़ जा रहे थे। 2.29 करोड़ रुपए से ज्यादा का सामान जब्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र यादव ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 407 किलो 330 ग्राम गांजा, तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा कंटेनर ट्रक और रेडमी कंपनी का एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। जब्त सामान में गांजे की कीमत 2 करोड़ 3 लाख 66 हजार 500 रुपए, ट्रक की कीमत 26 लाख रुपए और मोबाइल की कीमत 10 हजार रुपए आंकी गई है। इस तरह कुल 2 करोड़ 29 लाख 76 हजार 500 रुपए का मशरूका जब्त किया गया है। तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ चिल्फी थाने में अपराध क्रमांक 30/2026 दर्ज किया है। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) और 29 के तहत कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपियों को 24 नवंबर को विशेष एनडीपीएस न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस अब इस तस्करी में शामिल अन्य लोगों, गांजे की सप्लाई करने वालों और पैसों के लेन-देन की जानकारी जुटा रही है।
