गोवा से मुंबई जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-2842 को सोमवार (23 नवंबर) को ईंधन कम होने के कारण सूरत की ओर मोड़ना पड़ा। विमान में 142 यात्री सवार थे। विमान दोपहर करीब 3:31 बजे सूरत एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया। वहां विमान में ईंधन भरा गया और जरूरी जांच की गई। इसके बाद विमान को दोबारा मुंबई के लिए रवाना कर दिया गया। बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। अनुपम बोले- लैंडिंग से पहले फिर उड़ान भरी उन्होंने बताया कि वह दोपहर 1:10 बजे गोवा से मुंबई के लिए रवाना हुए थे। मुंबई पहुंचने पर विमान काफी देर तक हवा में चक्कर लगाता रहा। लैंडिंग से कुछ मिनट पहले विमान ने अचानक दोबारा उड़ान भर ली। इसके बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को ईंधन कम होने की जानकारी दी और सूरत जाने की अनुमति मांगी। विमान के सूरत एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। सूरत में डेढ़ घंटे रुका विमान विमान ने सूरत में करीब डेढ़ घंटे रुकने के बाद दोबारा उड़ान भरी। मुंबई के लिए रवाना होने से पहले विमान कुछ देर हवा में रहा। इसके बाद पायलट ने यात्रियों को बताया कि विमान में ईंधन कम होने के कारण उसे सूरत की ओर मोड़ा गया है। सूरत एयरपोर्ट पर ईंधन भरने और जरूरी जांच के बाद विमान फिर मुंबई के लिए रवाना हो गया। अनुपम खेर बोले- मुंबई में दो एयरपोर्ट फिर भी परेशानी अनुपम खेर ने कहा कि जब विमान उतरने वाला होता है और अचानक दोबारा ऊपर उड़ने लगता है, तो यात्रियों के लिए यह काफी तनावपूर्ण होता है। मुंबई में दो एयरपोर्ट होने के बावजूद हवाई यातायात की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अनुपम खेर ने कहा कि वह इस घटना के लिए पायलट, कप्तान या एयरलाइन को जिम्मेदार नहीं मानते। उन्होंने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सही कदम उठाए। हालांकि, उन्होंने सवाल किया कि जब मुंबई में अब दो एयरपोर्ट हैं, तो उड़ानों के उतरने की व्यवस्था बेहतर तरीके से क्यों नहीं की जा रही है। यह तय होना चाहिए कि किस विमान को किस एयरपोर्ट पर उतरना है। उन्होंने कहा कि हवाई और जमीनी यातायात का बेहतर प्रबंधन जरूरी है, ताकि यात्रियों को ऐसी परेशानी न हो।
