रंगों के त्योहार होली को लेकर नीमच के बाजारों में इस बार गजब का उत्साह नजर आ रहा है। शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों, खासकर टैगोर मार्ग पर देर रात तक खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है। बाजार में सजी रंग-बिरंगी दुकानों और ग्राहकों की चहल-पहल से व्यापारी भी काफी खुश नजर आ रहे हैं। कल शहर समेत जिलेभर में धुरेंडी मनाई जाएगी। हर्बल गुलाल और ऑर्गेनिक रंगों की भारी मांग इस साल लोग अपनी सेहत और त्वचा को लेकर काफी जागरूक दिख रहे हैं। बाजार में केमिकल वाले रंगों के बजाय खुशबूदार हर्बल और ऑर्गेनिक गुलाल की सबसे ज्यादा मांग है। ग्राहक योगेश देवड़ा का कहना है कि वे अपने दोस्तों के साथ केवल ऑर्गेनिक गुलाल ही खरीद रहे हैं, ताकि त्वचा को कोई नुकसान न पहुंचे। बाजार में इस बार अलग-अलग खुशबुओं वाले प्राकृतिक रंगों की लंबी रेंज उपलब्ध है। बच्चों में टैंक वाली पिचकारियों का क्रेज बाजार में बच्चों के लिए एक से बढ़कर एक फैंसी पिचकारियां आई हैं। कार्टून किरदारों वाली और पीठ पर टांगने वाले पानी के टैंक वाली पिचकारियों की सबसे ज्यादा बिक्री हो रही है। व्यापारी रोहित नायक ने बताया कि बाजार में ₹100 से लेकर ₹1000 तक की पिचकारियां मौजूद हैं। वहीं युवाओं के बीच कलर स्प्रे और फैंसी रंगों का जबरदस्त क्रेज देखा जा रहा है। ग्रहण के कारण मिला खरीदारी का अतिरिक्त समय व्यापारियों के अनुसार, मंगलवार को ग्रहण (सूतक) होने की वजह से लोगों ने होली का उत्सव नहीं मनाया। इस कारण लोगों को खरीदारी के लिए एक अतिरिक्त दिन मिल गया, जिससे बाजारों में देर रात तक रौनक बनी रही। शहर के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग अपने बच्चों के साथ खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। हर साल के मुकाबले इस बार व्यापार और उत्साह दोनों ही दोगुना नजर आ रहा है।
