दिल्ली में 1 नवंबर को होने वाली राहुल गांधी की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में शामिल होने के लिए सतना से शनिवार को करीब 500 कांग्रेस कार्यकर्ता रवाना हुए। विधायक और कांग्रेस जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ कुशवाहा के नेतृत्व में 100 से ज्यादा चार पहिया गाड़ियों का काफिला दिल्ली के लिए निकला। कुछ कार्यकर्ता ट्रेन से भी जाएंगे। कार्यकर्ता शहर के रीवा रोड स्थित सीताराम पेट्रोल पंप के पास जुटे। वहां से गाड़ियों का काफिला रैली के रूप में दिल्ली के लिए रवाना हुआ। जिले के अलग-अलग ब्लॉक मुख्यालयों से भी कांग्रेस कार्यकर्ता निजी गाड़ियों से दिल्ली पहुंचेंगे। विधायक ने क्या कहा? विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के दबाव में चुनाव आयोग एसआईआर के नाम पर मतदाताओं के नाम काट रहा है और उन्हें वोट देने के अधिकार से वंचित कर रहा है। उन्होंने पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां लाखों मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए। कुशवाहा ने इसे मतदाताओं के अधिकारों और देश के लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ बताया। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस समेत इंडिया ब्लॉक के 19 विपक्षी दल महारैली में शामिल होंगे।
