शाजापुर में भरड़ रोड पर नेशनल हाईवे-52 ब्रिज के पास गोवंश के एक बछड़े (केड़े) को ट्रैक्टर के पीछे रस्सी से बांधकर घसीटने के मामले में कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल महिंद्रा कंपनी का लाल ट्रैक्टर भी जब्त किया है। एक आरोपी फरार है। घटना शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे की है। बावलियाखेड़ी निवासी किसान दिलीप सिंह राजपूत अपने भतीजे बलराम सिंह के साथ शाजापुर गल्ला मंडी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने ट्रैक्टर के पीछे रस्सी से बंधे केड़े को घसीटते देखा। आरोप है कि केड़े के अगले दोनों पैर रस्सी से बंधे थे। दिलीप सिंह और बलराम सिंह ने ट्रैक्टर सवार लोगों को रोककर पूछा कि वे गोवंश को इस तरह क्यों ले जा रहे हैं। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने गाली-गलौज की और कहा कि केड़ा उनका है, वे उसे जैसे चाहें ले जाएं। बलराम सिंह ने घटना का वीडियो मोबाइल से बनाया। इसके बाद दिलीप सिंह ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई और पुलिस को वीडियो दिया। इनको किया गिरफ्तार पुलिस ने किसान की शिकायत पर चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। शनिवार को वाहिद मंसूरी, पिता लतीफ मंसूरी, उम्र 48 वर्ष; अब्दुल शाहिद, पिता लतीफ मंसूरी, उम्र 45 वर्ष; और जावेद मंसूरी, पिता लतीफ मंसूरी, उम्र 38 वर्ष को गिरफ्तार किया गया। तीनों मीरकला बाजार, शाजापुर के निवासी हैं। फरार आरोपी की तलाश जारी कोतवाली थाना प्रभारी नवीन बिलवालिया ने बताया कि दिलीप सिंह राजपूत की शिकायत पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एक आरोपी की तलाश जारी है और मामले की जांच की जा रही है।
