मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाले ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ प्रदर्शन में शामिल होने के लिए मंदसौर जिले से करीब 1000 कांग्रेस कार्यकर्ता रवाना हो रहे हैं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र सिंह गुर्जर के नेतृत्व में विधायक विपिन जैन सहित जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी दिल्ली पहुंच रहे हैं। कांग्रेस का दावा है कि देशभर से लाखों लोग इस प्रदर्शन में शामिल होंगे। ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कांग्रेस मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर चुनाव प्रक्रिया में पक्षपात और मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोप लगा रही है। पार्टी का आरोप है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के जरिए 13.2 करोड़ मतदाताओं के नाम काटे गए। इसके अलावा ईसीआईनेट के जरिए मतदाता सूची पर नियंत्रण और अन्य दो चुनाव आयुक्तों को निर्णय प्रक्रिया से बाहर रखने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं। इन्हीं मुद्दों को लेकर इंडिया गठबंधन की ओर से राहुल गांधी के आह्वान पर दिल्ली में प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है। विधायक बोले- 10 लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद दिल्ली रवाना होने से पहले विधायक विपिन जैन ने दैनिक भास्कर से चर्चा में कहा कि 1 नवंबर को देशभर से छात्र-छात्राएं, आमजन और कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचेंगे। उन्होंने दावा किया कि 31 अक्टूबर को ही रामलीला मैदान में करीब 2 लाख लोग जुट चुके हैं। 1 नवंबर को करीब 10 लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। जैन ने कहा कि मंदसौर जिले से करीब 1000 कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल होंगे। जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी भी रवाना जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र सिंह गुर्जर के साथ विधायक विपिन जैन, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इष्टा भाचावत, पूर्व जिला अध्यक्ष मनजीत सिंह मनी, संगठन महासचिव अजय लोढ़ा, मल्हारगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष विजय मालेचा, संजीत ब्लॉक अध्यक्ष सत्यनारायण पाटीदार सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं। कुछ कार्यकर्ता पहले ही पहुंच चुके हैं, जबकि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शनिवार को रवाना हुए।
