मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 24 अक्टूबर को प्रस्तावित सरदारपुर दौरे को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। सरदारपुर के खेल परिसर मैदान में सभा के लिए पंडाल तैयार हो चुका है और कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। शुक्रवार को केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, कलेक्टर राजीव रंजन मीना, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा सहित भाजपा के नेता और पदाधिकारी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। उन्होंने तैयारियों का जायजा लिया और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। 260 गांवों को सिंचाई के लिए मिलेगा पानी मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान महत्वाकांक्षी नर्मदा-माही लिंक परियोजना के लोकार्पण का कार्यक्रम प्रस्तावित है। परियोजना के तहत धार और झाबुआ जिले के कुल 260 गांवों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने की योजना है। इससे दोनों जिलों के किसानों को लाभ मिलने के साथ कृषि भूमि की सिंचाई सुविधा का विस्तार होगा। कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने बताया कि योजना से झाबुआ जिले के 194 और सरदारपुर तहसील के 66 गांवों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके तहत झाबुआ जिले की 32 हजार हेक्टेयर और सरदारपुर तहसील की 25,422 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा देने का लक्ष्य है। इस तरह कुल 57,422 हेक्टेयर भूमि को लाभ मिलेगा। नर्मदा से 186.62 मिलियन घन मीटर पानी उठाने की योजना परियोजना के तहत धार जिले की कुक्षी तहसील के ग्राम चंदनखेड़ी में नर्मदा नदी से 186.62 मिलियन घन मीटर पानी का उद्वहन प्रस्तावित है। योजना के संचालन के लिए 102.30 मेगावाट बिजली की आवश्यकता निर्धारित की गई है। नर्मदा-माही लिंक परियोजना को 27 फरवरी 2018 को 2,050.70 करोड़ रुपए की प्रारंभिक प्रशासकीय स्वीकृति मिली थी। बाद में इसकी पुनरीक्षित लागत 2,387.60 करोड़ रुपए निर्धारित की गई। परियोजना का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। फिलहाल परीक्षण और कमीशनिंग का काम चल रहा है। शाम तक स्पष्ट हो सकता है सीएम का विस्तृत कार्यक्रम कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने बताया कि मुख्यमंत्री का 24 अक्टूबर को धार जिले का दौरा प्रस्तावित है। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री के आगमन का निर्धारित समय और दौरे का विस्तृत कार्यक्रम शाम तक स्पष्ट होने की संभावना है। प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
