अमेरिका-ईरान के बीच जंग छिड़ने के बाद दुबई से सभी फ्लाइट्स बंद हो गई हैं। इंदौर-शारजाह फ्लाइट बंद होने से इंदौर के यात्री भी दुबई में फंस गए हैं। यात्रियों ने कहा हमें किसी तरह की चिंता नहीं है। यहां किसी तरह की परेशानी नहीं है। लोग आराम से घूम भी रहे हैं। होटलें, मार्केट, बाजार सभी खुले हैं। जैसे ही फ्लाइट शुरू होंगी, इंदौर आ जाएंगे। इधर, दुबई में रह रहे भारतीय भी वहां लोगों की मदद में जुटे हैं। वे फूड पैकेट से लेकर अन्य मदद कर रहे हैं। सभी ने कहा इस कठिन घड़ी में हम सभी साथ हैं। इंदौर से दुबई गए आठ लोगों की 2 मार्च की वापसी की फ्लाइट थी। फ्लाइट निरस्त होने से सभी यात्री वहीं रुके हुए हैं। ग्रुप से जुड़े संजय गोयल ने कहा हम सुरक्षित हैं। होटल स्टे को कुछ दिन के लिए और बढ़ा दिया है। सोमवार को हम सभी मॉल गए। लोकल दुबई भी घूमा, किसी तरह की कोई परेशानी नहीं आ रही है। यहां सारी व्यवस्थाएं ठीक हैं। इधर, मिडिल ईस्ट दुबई के चेयरमैन चंद्रशेखर भाटिया और उनकी टीम से जुड़े लोग इंदौर सहित प्रदेश के लोगों से दुबई में होटलों में मिलने पहुंचे। उन्होंने कहा किसी को कोई जरूरत हो तो बताएं, हम सभी आपके साथ हैं। आईपीएफ की टीम आगे आई, हेल्पलाइन नंबर जारी किए यूएई में इंडियन पीपुल्स फोरम (आईपीएफ) की टीम भी इस कठिन घड़ी में लोगों की मदद के लिए आगे आई है। फोरम के प्रमुख जितेंद्र वैद्य ने कहा हमने लोगों के लिए चौबीस घंटे मदद शुरू कर दी है। यूएई के अबूधाबी, दुबई, शारजाह, अजमान, रास-अल-खैमाह, फुजैराह, उम्म अल-कुवैन में हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिया है। यूएई में किसी को मदद की जरूरत हो तो आईपीएफ के प्रतिनिधि-पदाधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। इधर, आईपीएफ मध्यप्रदेश काउंसिल से जुड़ी प्रिया अग्रवाल ने कहा फोरम के प्रमुख जितेंद्र वैद्य के नेतृत्व में हमने फूड पैकेट के लिए भी पहल की है। रोजाना 100 से ज्यादा फूड पैकेट अलग-अलग लोगों तक पहुंचाए जाएंगे। किसी भी व्यक्ति को अन्य मदद की जरूरत हो तो, वह भी बताए।
