Homeदेशसरकार ने दलाई लामा को लुटियंस जोन में बंगला दिया:यह घर पंडित...

सरकार ने दलाई लामा को लुटियंस जोन में बंगला दिया:यह घर पंडित रविशंकर शुक्ल लेन पर, विदेश मंत्रालय के अनुरोध पर हुआ आवंटन

केंद्र सरकार ने तिब्बती आध्यात्मिक गुरु 14वें दलाई लामा को नई दिल्ली के लुटियंस इलाके में सरकारी बंगला आवंटित किया है। यह बंगला पंडित रविशंकर शुक्ल लेन पर स्थित है। दलाई लामा के निजी कार्यालय गादेन फोद्रंग ट्रस्ट को विदेश मंत्रालय के अनुरोध पर टाइप-7 बंगला दिया गया है। हालांकि, केंद्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्रालय ने इस आवंटन पर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। ऐसे सरकारी आवास आमतौर पर तीन साल के लिए आवंटित किए जाते हैं, जिन्हें आगे बढ़ाया जा सकता है। यह बंगला दिल्ली में संसद से करीब तीन किलोमीटर दूर है। तिब्बती संसद ने भारत सरकार का जताया आभार तिब्बती संसद-इन-एक्साइल ने इस फैसले के लिए भारत सरकार का आभार जताया है। संसद की अध्यक्ष डोलमा त्सेरिंग ने कहा कि यह दलाई लामा और तिब्बती समुदाय के प्रति भारत के समर्थन का महत्वपूर्ण संकेत है। इससे दलाई लामा की दिल्ली यात्राएं आसान होंगी और राजधानी में उनके ठहरने के दौरान बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। गादेन फोद्रंग ट्रस्ट दलाई लामा का निजी कार्यालय है। यह उनके आध्यात्मिक और सामाजिक कार्यों में सहयोग करता है। ट्रस्ट का उद्देश्य मानवीय मूल्यों, धार्मिक सद्भाव, तिब्बती संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही यह प्राचीन भारतीय ज्ञान के प्रचार-प्रसार के लिए भी काम करता है। 1940 में 14वें दलाई लामा बने थे ल्हामो थोंडुप दलाई लामा एक मंगोलियाई पद है, जिसका मतलब होता है ज्ञान का महासागर। तिब्बत में अब तक 14 दलाई लामा हो चुके हैं। ल्हामो थोंडुप को 22 फरवरी, 1940 को 14वां दलाई लामा घोषित किया गया था। तब उनकी उम्र महज 5 साल थी। उन्हें तेनजिन ग्यात्सो भी कहा जाता है। 1937 में जब तिब्बत के धर्मगुरुओं ने दलाई लामा को देखा तो पाया कि वो 13वें दलाई लामा थुबतेन ग्यात्सो के अवतार थे। सभी टेस्ट पास करने के बाद धर्मगुरुओं ने ल्हामो थोंडुप को धार्मिक शिक्षा दी और दलाई लामा के रूप में मान्यता दी। कैसे शुरू हुई दलाई लामा चुनने की प्रक्रिया 1357 से 1419 तक तिब्बत में जे सिखांपा नाम के एक धर्मगुरु हुए। इन्होंने 1409 में एक स्कूल शुरू किया। इसका नाम जेलग स्कूल था। इसी स्कूल में गेंदुन द्रुप एक होनहार छात्र थे। यही आगे चलकर पहले दलाई लामा बने। 1630 के दशक में बौद्धों और तिब्बतियों के बीच नेतृत्व को लेकर लड़ाइयां शुरू हो गई थीं। आखिर में 5वें दलाई लामा तिब्बत को एक करने में कामयाब रहे। 13वें दलाई लामा ने 1912 में तिब्बत को स्वतंत्र घोषित कर दिया। कैसे मिलते हैं अगले दलाई लामा दलाई लामा को चुना नहीं बल्कि ढूंढा जाता है। तिब्बती मानते हैं कि दलाई लामा के पास खुद इस बात का चुनाव करने की पावर होती है कि वो किस शरीर में अगला जन्म लेंगे। दलाई लामा की मौत के बाद अगले दलाई लामा को ढूंढने की जिम्मेदारी दूसरे लामाओं और तिब्बती सरकार की होती है। दलाई लामा के अंतिम संस्कार के बाद बाकी लामा देखते हैं कि चिता का धुआं किस दिशा में बढ़ रहा है। उसी दिशा में अगले दलाई लामा की खोज शुरू की जाती है। कई बार लामाओं को इससे जुड़े सपने भी आते हैं। सभी लामा तिब्बत की पवित्र झील ल्हामो ला-त्सो के पास तप भी करते हैं, ताकि उन्हें अगले दलाई लामा से जुड़े संकेत मिल सकें। मान्यता है कि झील की देवी ने पहले दलाई लामा से वादा किया था कि वो दलाई लामा के पुनर्जन्म के जरिए आगे बढ़ने वाले वंश की रक्षा करेंगी।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here