सिंगरौली के चितरंगी के बगैया गांव में बुधवार रात जंगल की झाड़ियों में जन्म के कुछ घंटे का नवजात रोता मिला। उसके शरीर पर चींटियां लिपटी थीं। रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी सुदेश तिवारी पुलिस टीम के साथ पहुंचे और ग्रामीण महिलाओं की मदद से नवजात को झाड़ियों से बाहर निकलवाया। बच्चे की हालत को देखते हुए थाना प्रभारी उसे अपने वाहन से बैढ़न जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसे विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (SNCU) में भर्ती किया। डॉक्टरों की टीम उसकी लगातार निगरानी कर रही है। फिलहाल नवजात की हालत स्थिर बताई गई है। रात करीब 8 बजे मिली थी सूचना थाना प्रभारी के अनुसार रात करीब 8 बजे जंगल में नवजात के मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के गांवों में पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नवजात के माता-पिता कौन हैं और उसे जंगल में किन परिस्थितियों में छोड़ा गया।
