बिलासपुर में कांग्रेस के सृजन और प्रशिक्षण शिविर के दौरान पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आदिवासी नहीं हैं, वे वनवासी हैं। बैज ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री आदिवासी होते तो आदिवासी दिवस के दिन बधाई देते। बैज ने कहा भाजपा सरकार में मंत्री खुशवंत साहेब के बड़े भाई ढाल दास ने कल कांग्रेस ज्वॉइन कर ली। बधाई और शुभकामनाएं। ये तो अभी शुरुआत है। अब आगे-आगे देखते जाइए भारतीय जनता पार्टी के नाराज फूफा बहुत जल्द कांग्रेस में आने के लिए तैयारी कर रहे हैं। समय का इंतजार करिए भारतीय जनता पार्टी अपने आप को बचा नहीं पाएगी। बैज ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने वाले नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में रहते हुए ये नेता हमारे साथ चलते थे, लेकिन भाजपा में जाने के बाद पीछे की लाइन में भी नजर नहीं आते। भाजपा में कार्यकर्ताओं की नहीं सुनी जाती, जबकि कांग्रेस में कार्यकर्ताओं को मौका दिया जाता है। मंत्री खुशवंत के भाई कांग्रेस में शामिल हुए बता दें कि शुक्रवार को भाजपा सरकार में मंत्री खुशवंत साहेब के बड़े भाई और सतनामी समाज के धर्मगुरु गुरु बालदास के बड़े बेटे ढाल दास ने कांग्रेस ज्वॉइन कर ली। रायपुर में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तीजा-पोरा कार्यक्रम के दौरान उन्हें कांग्रेस में प्रवेश कराया था। पढ़ें पूरी खबर बैज बोले- 3 दिन के मंथन में निकला ‘अमृत’ बिलासपुर में हुए 3 दिवसीय संगठन सृजन और प्रशिक्षण शिविर को लेकर बैज ने कहा कि आगामी चुनाव की रणनीति, संगठन को मजबूत करने और सरकार के खिलाफ आंदोलन की तैयारियों पर मंथन हुआ। उन्होंने कहा- ‘मंथन में विष की एक बूंद भी नहीं निकली, 3 दिन तक अमृत ही अमृत निकला।’ मास्टर ट्रेनर और ब्लॉक अध्यक्ष यहां से प्रशिक्षण लेकर जाएंगे और सरकार के खिलाफ मजबूती से लड़ाई लड़ेंगे। कोल ब्लॉक से लेकर शराब तक सरकार पर हमला बैज ने कोल ब्लॉक और प्रदेश की खनिज संपदा को लेकर भाजपा सरकार पर पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन के मुद्दे पर कांग्रेस आने वाले समय में बड़ी लड़ाई लड़ेगी। हाथी-मानव द्वंद्व और पर्यावरण को लेकर भी उन्होंने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। शराब के मुद्दे पर बैज ने नकली शराब, होलोग्राम और पैकिंग का आरोप लगाते हुए प्रदेश में शराब सिंडिकेट चलने का दावा किया। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि इस पूरे नेटवर्क का पैसा और कमीशन आखिर कहां तक पहुंच रहा है। …………………… इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… भूपेश बघेल बोले- भाजपा वाले काले अंग्रेज:CM के बयान पर पलटवार, कहा- हंटर वाली से हाफ पैंट वाले तक प्रभारी बदले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पंजाब प्रभारी के पद से हटाए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अंग्रेजों की तरह फूट डालो और राज करो की नीति अपनाती है। पंजाब में भी गुटबाजी हुई। इस पर पलटवार करते हुए भूपेश बघेल ने कहा है कि भाजपा वाले ‘काले अंग्रेज’ हैं। पढ़ें पूरी खबर…
