छतरपुर जिले के हिनौता थाना क्षेत्र के ग्राम क्योटा में बुधवार-गुरुवार की रात करीब 1 बजे कच्चा मकान और उसकी दीवार अचानक गिर गई। हादसे के समय परिवार के लोग मकान के अंदर सो रहे थे। मलबे में दबने से दो बच्चियों की मौत हो गई, जबकि उनकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। सोते समय अचानक गिरा मकान जानकारी के अनुसार, हाथोंहा पंचायत के ग्राम क्योटा निवासी लक्खू केवट का कच्चा मकान देर रात अचानक भरभराकर गिर गया। उस समय लक्खू की पत्नी हेमा केवट अपनी दो बेटियों के साथ अंदर सो रही थीं। मकान और दीवार के मलबे में दबने से 2 माह की हिमांशी केवट और 13 साल की रचना केवट की मौके पर ही मौत हो गई। मलबे में दबने से मां गंभीर घायल हादसे में हेमा केवट भी मलबे में दब गईं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर महिला और बच्चियों को बाहर निकाला। गंभीर हालत को देखते हुए हेमा केवट को इलाज के लिए छतरपुर जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने शुरू की जांच हादसे की सूचना मिलने पर हिनौता थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों बच्चियों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस मकान गिरने के कारणों के साथ उसकी स्थिति की भी जांच कर रही है।
