रायपुर में भाजपा और कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान हुए बवाल के बाद पुलिस ने कांग्रेस के 12 नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया। साथ ही कांच की बोतलें, लकड़ी और जूते भी फेंके, जिससे 16 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी घायल हो गए। खम्हारडीह थाना प्रभारी की शिकायत पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं, देर रात रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला अस्पताल पहुंचे और घायल पुलिसकर्मियों का हालचाल जाना। वहीं, कांग्रेस नेताओं ने इसे एकतरफा कार्रवाई बताते हुए खम्हारडीह थाने में शिकायत दी है। पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने एक्स पर पथराव का एक वीडियो शेयर किया है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और दफ्तर पर पत्थर फेंके जाने का आरोप लगाया, साथ ही कहा कि पुलिस के अधिकारी ध्यान रखें, भाजपा कुछ ही महीनों की मेहमान है फिर मिलेंगे। पहले देखिए तस्वीरें… प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने बैरिकेडिंग पर रोका थाना प्रभारी भावेश कुमार गौतम के मुताबिक, प्रधानमंत्री आवास घेराव के विरोध में भाजयुमो के राजीव भवन घेराव कार्यक्रम को देखते हुए खम्हारडीह थाना, रक्षित केंद्र और अन्य थानों का पुलिस बल तैनात किया गया था। इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से नारेबाजी करते हुए बैरिकेडिंग तक पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रोकने और समझाने की कोशिश की, लेकिन वे पुलिस से धक्का-मुक्की करने लगे। पुलिस पर पथराव, 16 पुलिसकर्मी घायल भावेश कुमार गौतम ने बताया कि इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर कांच की बोतलें, पत्थर, लकड़ी और जूते फेंके। इस घटना में पीएसआई देवराज सिंह के सिर में चोट लगी, महिला आरक्षक सीमा बंजारे समेत अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों ने शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास किया। इन कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज पुलिस ने इस मामले में सुनील कुकरेजा, विनोद तिवारी, सकलेन कामदार, आकाश तिवारी, अजीत कुकरेजा, हनी बग्गा, शांतनु झा, गावेश साहू, खुबी डहरिया, सागर दुल्हानी, अजीज भिंसरा और अमित तिवारी समेत अन्य प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बता दें कि मंगलवार (21 जुलाई) रात राहुल गांधी के समर्थन में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोकभवन के बाहर प्रदर्शन किया था। इसके अगले दिन बुधवार को भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने निकले थे। घायल पुलिसकर्मियों की ये तस्वीरें देखिए… भूपेश बोले- हद में रहिए भाजपा वालो भूपेश बघेल ने एक्स पर पोस्ट किया कि, हद में रहिए भाजपा वालो। कल घेराव के नाम पर भाजपा के लोगों ने रायपुर में कांग्रेस मुख्यालय पर हमला किया। भाजपा के सारे मंत्री भी लोकतांत्रिक और संवैधानिक मर्यादाओं को ताक में रखकर इसमें शामिल हुए। आदतन उपद्रवी इन तत्वों ने कांग्रेस मुख्यालय और हमारे कार्यकर्ताओं पर पत्थर फेकें, पुलिस ने पानी की बौछारें छोड़ी। सारा हमला भाजपा और पुलिस की ओर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हुए, पत्रकार साथियों को भी चोटें आईं। और पुलिस ने FIR भी हमारे ही लोगों पर दर्ज कर ली। साफ है कि यह पुलिस के संरक्षण में भाजपा सरकार द्वारा किया गया सुनियोजित हमला था। ठीक उसी तरह जिस तरह दिल्ली में छात्रों के साथ हुआ। भाजपा से तो हम निपट लेंगे लेकिन छत्तीसगढ़ पुलिस के अधिकारी ध्यान रखें, भाजपा कुछ ही महीनों की मेहमान है….फिर मिलेंगे। बैज बोले- यह कार्रवाई बदले की भावना वहीं, कांग्रेस नेताओं ने इसे एकतरफा कार्रवाई बताते हुए खम्हारडीह थाने में शिकायत दी है। दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर बदले की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा हम चुप बैठने वाले नहीं हैं, हमने चूड़ियां नहीं पहनी हैं। बीजेपी की यह कार्रवाई पूरी तरह से बदले की भावना से प्रेरित है। …………………….… इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… रायपुर में भाजपा-कांग्रेस का टकराव, पुलिस ने छोड़ी आंसू गैस: कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन चलाया, राहुल गांधी के विरोध में BJP का प्रदर्शन
दिल्ली में राहुल गांधी के PM आवास घेराव के विरोध में छत्तीसगढ़ में भाजपा और कांग्रेस नेता आमने-सामने हो गए हैं। भाजपा नेता कांग्रेस दफ्तर का घेराव करने निकले। इस दौरान राजीव भवन के पास कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए, जिससे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पढ़ें पूरी खबर…
