शिवपुरी में अवैध मिट्टी उत्खनन रोकने पहुंचे तहसीलदार को माफिया ने गोली मारने की धमकी दे डाली। कहा- मारकर जेल चला जाऊंगा। बेटे को बंदूक लाने के लिए आवाज लगाई। मामला बदरवास तहसील के सड़बूड़ गांव में गुरुवार दोपहर का है। इसका वीडियो शुक्रवार को सामने आया है। पुलिस ने धमकी देने वाले जयमंडल यादव, उसके पिता लाखन यादव और बेटे विकुल यादव के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद आरोपियों के निर्माणाधीन मकान का हिस्सा बुलडोजर से ढहा दिया गया। आरोपियों की लाइसेंसी बंदूक जब्त कर शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। माइनिंग विभाग ने 40 लाख रुपए से अधिक की वसूली का प्रकरण भी बनाया है। तहसीलदार से कहा था- गोली मार दूंगा गुरुवार को बदरवास तहसील के सड़बूड़ गांव में सिंध नदी के पास सरकारी जमीन पर अवैध मिट्टी उत्खनन की सूचना पर तहसीलदार सचिन भार्गव टीम के साथ कार्रवाई करने पहुंचे थे। राजस्व अमले ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की तो आरोपी जयमंडल यादव भड़क गया। उसने तहसीलदार से कहा, “रुक जाइए, नहीं तो गोली मार दूंगा।” इसके बाद बेटे से आवाज लगाई, “घर से बंदूक ले आ, आज इन सबको गोली मार दूंगा।” इसी दौरान आरोपी एक हाइड्रा और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मौके से भाग निकले थे। दोपहर में जेसीबी लेकर पहुंची टीम शुक्रवार दोपहर एसडीएम अनूप श्रीवास्तव, बदरवास तहसीलदार सचिन भार्गव, कोलारस तहसीलदार प्रदीप भार्गव, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम सड़बूड़ गांव पहुंची। पुलिस ने मुख्य आरोपी जयमंडल यादव, उसके पिता लाखन यादव और बेटे विकुल यादव को गिरफ्तार किया। इसके बाद राजस्व विभाग ने जेसीबी से आरोपियों के निर्माणाधीन मकान के अगले हिस्से को ध्वस्त कर दिया। जांच में अवैध रेत का उत्खनन मिला माइनिंग विभाग की जांच में करीब 6 हजार घन मीटर अवैध मिट्टी और 4 हजार घन मीटर अवैध रेत का उत्खनन मिला। प्रारंभिक आकलन के अनुसार आरोपियों से 40 लाख रुपए से अधिक की वसूली की जाएगी। 15-15 फीट गहरे गड्ढे कर दिए थे तहसीलदार सचिन भार्गव ने बताया- आरोपियों ने सरकारी जमीन पर करीब 15-15 फीट गहरे गड्ढे कर दिए थे। पूछताछ में उन्होंने जमीन को निजी बताया, लेकिन उसके साथ लगी शासकीय भूमि पर भी अवैध खनन किया गया था। इसी आधार पर कार्रवाई की गई। कोटवार सुनील कुमार ने शिकायत में लिखा- तहसीलदार सचिन भार्गव के साथ पटवारी ब्रिजेन्द्र, प्रभाकर मरैया, जितेंद्र दांगी, कोटवार बलवीर केवट, पवन वाल्मीकि और मैं मौके पर पहुंचे। मैं ही गाड़ी चला रहा था। कार्रवाई के दौरान जयमंडल यादव, लाखन यादव और विकुल यादव ने गाली-गलौज की। जान से मारने की धमकी देते हुए शासकीय कार्य में बाधा डाली। थाना प्रभारी नवीन यादव ने कहा- आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ये खबर भी पढ़ें… लेडी अफसर को थाने के सामने धमकी- तुम्हें देख लेंगे भोपाल में थाने के ठीक सामने खनन माफिया के गुर्गों ने महिला खनिज अधिकारी को धमकी दे डाली। कहा- तुम्हारी नौकरी खा जाएंगे। तुम्हें देख लेंगे। मौके पर पुलिस के साथ खनिज विभाग का अमला भी मौजूद था लेकिन बदमाश हंगामा करते रहे। पढ़ें पूरी खबर…
