मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड को 47 सेकंड में 14 बार चाकू से मारा। ताबड़तोड़ वार से युवती के पेट, हाथ और गर्दन पर गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर खून ही खून बिखरा मिला। घटना माधव क्लब के पास स्थित दवा बाजार की है। पुलिस के मुताबिक, घायल युवती की पहचान बापू नगर निवासी सिवानी (19) (बदला हुआ नाम) के रूप में हुई है। सिवानी बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है। पढ़ाई के साथ-साथ पिछले 8 महीने से कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर काम कर रही है। वहीं वारदात के बाद आरोपी ने कहा- पत्नी मानता था, लेकिन मुझे धोखा दे रही थी। मुझसे गलती हो गई। वारदात से जुड़ी तस्वीरें देखिए… ड्यूटी पर जा रही थी, रास्ते में रोककर किया हमला परिजन के अनुसार, शुक्रवार को सिवानी रोज की तरह अपने घर से ड्यूटी के लिए निकली थी। जैसे ही वह माधव क्लब के पास दवा बाजार के मुख्य गेट पर पहुंची, वहां पहले से मौजूद एक युवक ने उसका रास्ता रोक लिया। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बातचीत के दौरान अचानक युवक ने चाकू निकाल लिया। सिवानी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी कुछ ही सेकंड के भीतर युवती पर चाकू से कई वार किए। हमले के दौरान युवती खुद को बचाने की कोशिश करती रही, लेकिन लगातार हुए हमलों से वह सड़क पर ही गिर गई। चीख-पुकार सुन दौड़े लोग, अस्पताल में चल रहा ऑपरेशन हमले के दौरान युवती की चीख-पुकार सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंचे। दवा बाजार में कुछ ही देर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर सड़क पर खून बिखरा हुआ था। घायल सिवानी दर्द से तड़प रही थी। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे चरक अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों की जांच में उसके पेट, हाथ और गर्दन पर गहरे घाव मिले। डॉक्टरों के अनुसार युवती की हालत गंभीर बनी हुई है। उसका ऑपरेशन किया जा रहा है। मां बोलीं- चार-पांच दिन से परेशान कर रहा था युवक घायल सिवानी की मां ने बताया कि वे हमलावर को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानतीं, लेकिन सुनील नाम का एक युवक पिछले चार-पांच दिनों से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। दो दिन पहले भी उस युवक को समझाया गया था, लेकिन उसने अपनी हरकतें बंद नहीं कीं। आरोपी लगातार सिवानी का पीछा कर रहा था। हमारी इंस्टाग्राम पर पहचान हुई थी आरोपी सुनील जारोलिया ने बताया- मैं उसे अपनी पत्नी मानता था। हमारी इंस्टाग्राम पर पहचान हुई थी। वहीं से हमारे बीच प्यार हुआ। मैंने शादी के लिए उसकी मां को फोन किया था। उनसे कहा था कि मुझे आपकी बेटी से शादी करनी है। आप लोग हमारी शादी करा दीजिए, नहीं तो मैं मर जाऊंगा। इसके बाद लड़की की मां ने मेरे खिलाफ FIR दर्ज करा दी। इसके बाद वह भी बदल गई और मुझसे बात नहीं कर रही थी। पिछले 10 दिनों से हमारी बातचीत बंद थी। उसके चक्कर में मैंने खाना तक नहीं खाया। मैं उससे मिलने और बात करने आया था। डराने के लिए चाकू निकाला था आरोपी ने बताया- मैंने उसे डराने के लिए चाकू निकाला था, तभी वह अपने रिश्तेदार को फोन लगाने लगी। मैंने उसे कहा कि फोन मत लगाओ, लेकिन वह नहीं मानी। इसके बाद गुस्से में मैंने उस पर हमला कर दिया। मुझसे गलती हो गई। पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार उज्जैन के पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया- पुलिस ने घटना के कुछ ही समय बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान सुनील जारोलिया के रूप में हुई है, जो उज्जैन जिले के डेंडिया गांव का रहने वाला है। एसपी के मुताबिक, पुलिस टीम जब आरोपी का पीछा कर रही थी, तब वह भागने की कोशिश में गिर गया। इस दौरान उसके पैर में गंभीर चोट आई है और पैर टूटने की आशंका जताई जा रही है। आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
