ग्वालियर जिले के भितरवार अनुभाग अंतर्गत बैलगडा थाना क्षेत्र के ग्राम धोवट में मंगलवार को बजे दुल्हन की विदाई के समय दूल्हा-दुल्हन और बारातियों के साथ मारपीट हो गई। आरोप है कि दुल्हन के खुद के भाई और चाचा ने ही इस वारदात को अंजाम दिया और जिस कार से दुल्हन विदा हो रही थी, उसमें भी तोड़फोड़ कर दी। घटना के तुरंत बाद विदा हुई दुल्हन अपने दूल्हे के साथ सीधे थाने पहुंच गई। जानकारी के मुताबिक, भितरवार विकासखंड के ग्राम धोवट के पूर्व सरपंच ओमप्रकाश बंशकार की बेटी की शादी दतिया जिले के उन्नाव बालाजी निवासी विशाल वंशकार से तय हुई थी। सोमवार को बारात धोवट गांव आई थी। बताया जा रहा है कि सोमवार रात को बारात में शामिल कुछ लोगों ने शराब के नशे में हंगामा किया था। इसी बीच, झांसी से बारात में आए दूल्हे के एक रिश्तेदार की मोटरसाइकिल चोरी हो गई। गाड़ी न मिलने पर रात में भी दोनों पक्षों के बीच जमकर बहस और हंगामा हुआ था। विदाई के वक्त फिर भड़का विवाद, दूल्हा-दुल्हन को पीटा मंगलवार शाम को जब दुल्हन की विदाई की रस्में चल रही थीं, तब पुरानी बात को लेकर एक बार फिर विवाद शुरू हो गया। बात इतनी बढ़ी कि दुल्हन के भाई और चाचा ने बारातियों के साथ हाथापाई कर दी। यह देख दूल्हे विशाल को गुस्सा आ गया और उसने अपने साले और चाचा ससुर को गाली दे दी। गाली-गलौज से भड़के साले और चाचा ससुर ने गुस्से में आकर उस कार के शीशे तोड़ दिए, जिसमें दूल्हा-दुल्हन बैठने वाले थे। उन्होंने दूल्हे विशाल को भी पीटा और जब दुल्हन अपने पति को बचाने के लिए बीच में आई, तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट कर दी। बैलगडा थाना पहुंचे नवदंपति शाम 6 बजे विदाई के मंडप से विदा होकर यह जोड़ा सीधे पुलिस की शरण में पहुंचा। दूल्हा-दुल्हन पहले भितरवार थाने पहुंचे। लेकिन जब पता चला कि घटना स्थल बैलगडा थाना क्षेत्र में आता है, तो वे वहां गए। सूचना मिलते ही बैलगडा पुलिस ने गांव पहुंचकर मामले की तहकीकात शुरू कर दी है और झगड़े के असली कारणों की जांच की जा रही है।
