राजगढ़ जिले के पचोर शहर में सोमवार रात करीब 8:30 बजे एक पेट्रोल पंप पर आग लग गई। शहर के बीच स्थित चुन्नीलाल मुन्नालाल पेट्रोल पंप पर लगी इस आग की चपेट में एक पेट्रोल टैंकर भी आ गया। इस घटना में दो लोग झुलस गए। आग तेजी से फैली और देखते ही देखते वहां खड़े पेट्रोल टैंकर तक पहुंच गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर तक देखा जा सकता था। झुलसे हुए दोनों व्यक्तियों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। सुरक्षा कारणों से आसपास के लोगों को घटनास्थल से दूर हटाया गया। फिलहाल, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और जांच जारी है।
