धार के तिरला सोसायटी स्थित आरटीओ ऑफिस के पास संचालित समर्थन मूल्य गेहूं खरीदी केंद्र पर किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गोदाम भर जाने के कारण गेहूं की खरीदी और तुलाई कार्य प्रभावित हो गया है। किसान पिछले 15 दिनों से अपनी उपज की तुलाई का इंतजार कर रहे हैं। खरमपुर निवासी किसान विष्णु मुकाती ने बताया कि उनका गेहूं तुलाई के लिए 1 मई से नंबर पर लगा हुआ है। केंद्र पर उनका पांचवां नंबर है और उनकी दो ट्रॉलियां कई दिनों से खड़ी हैं। इनमें से एक ट्रॉली की तुलाई हो चुकी है, जबकि दूसरी ट्रॉली अब तक नहीं तौली गई। रोज मिलता है आश्वासन, नहीं हो रही तुलाई किसानों का आरोप है कि उन्हें रोज तुलाई शुरू होने का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन काम आगे नहीं बढ़ रहा। कई किसान दिनभर खुले में बैठकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। किसानों ने खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि यहां पीने के पानी तक की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। भीषण गर्मी में किसान और मजदूर परेशान हो रहे हैं। गोदाम भरने से रुका काम गेहूं तुलाई प्रभारी अजय पाटीदार ने बताया कि उन्हें इस सोसायटी से दूसरी सोसायटी में स्थानांतरित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र का गोदाम पूरी तरह भर चुका है, जिसके चलते फिलहाल खरीदी और तुलाई कार्य रोकना पड़ा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिन किसानों की तुलाई बाकी है, उनकी उपज की तुलाई जल्द शुरू करवाई जाएगी। साथ ही अधिकारियों को भी स्थिति से अवगत करा दिया गया है।
