सतना जिले के कोलगवां थाना अंतर्गत सिद्धार्थ नगर (अशोक विहार कॉलोनी) में पुलिस ने एक बंद कमरे से एक हमउम्र जोड़े के शव बरामद किए हैं। 29 वर्षीय युवती की पहचान अनूपपुर निवासी पूनम अहिरवार और 30 वर्षीय युवक की पहचान रीवा निवासी अंबिकेश गौतम के रूप में हुई है। प्रथम दृष्टया पुलिस को आशंका है कि युवक ने पहले किसी धारदार हथियार से युवती की हत्या की और फिर उसी कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतका पूनम देवलोंद (बाणसागर) के शासकीय स्कूल में वर्ग-एक की शिक्षिका थी, जबकि युवक अंबिकेश सतना के सितपुरा स्थित रिलायंस सीएनजी प्लांट में नौकरी करता था। घटनास्थल पर सीएसपी डीपी सिंह चौहान और फॉरेसिंक एक्सपर्ट डॉ. महेंद्र सिंह ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। युवती की पहचान आधार और आई-कार्ड से हुई। उसका शव लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ा था, लेकिन हत्या में इस्तेमाल हथियार कमरे से बरामद नहीं हुआ है। देखिए 2 तस्वीरें… छोटे भाई ने तोड़ा ताला, तब सामने आई वारदात
पुलिस के अनुसार, मृतक अंबिकेश का छोटा भाई अंकितेश पिछले 3 साल से इस कमरे में किराए पर रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है। दो माह पहले नौकरी लगने के बाद से अंबिकेश भी उसी के साथ रहने लगा था। शुक्रवार शाम 4 बजे जब अंकितेश कमरे पर पहुंचा, तो बाहर से ताला लगा था। रात 8 बजे लौटने पर भी ताला बंद होने और भाई का फोन न उठने पर उसने शक के आधार पर ताला तोड़ दिया। अंदर दोनों के शव देखकर उसने मकान मालिक प्रवीण सिंह को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। रात 10:30 बजे युवती को लेकर आया था युवक
पड़ोस में रहने वाले एक बैंक कर्मी ने पुलिस को बताया कि गुरुवार रात करीब 10:30 बजे अंबिकेश एक युवती को अपने साथ कमरे में लेकर आया था। दरवाजा खोलने के बाद दोनों अंदर चले गए और फिर कोई बाहर नहीं निकला। पुलिस को शक है कि देर रात किसी बात को लेकर हुए विवाद में अंबिकेश ने पूनम की हत्या कर दी। मकान मालिक ने यह भी बताया कि कमरे की खिड़की में ग्रिल नहीं लगी है, जिससे कोई भी आ-जा सकता है। इंदौर का टिकट, लेकिन सतना क्यों आई शिक्षिका?
तलाशी के दौरान पुलिस को युवती के पास से अनूपपुर से इंदौर जाने का रेल टिकट मिला है। यह जांच दल के लिए सबसे बड़ी पहेली बन गया है कि वह इंदौर जाने की बजाय गुरुवार को सतना क्यों पहुंची? दोनों के बीच क्या रिश्ता था? वे एक-दूसरे से कैसे मिले? इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं। मोबाइल फोन से खुलेंगे मौत के राज
सीएसपी डीपी सिंह चौहान ने बताया कि पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। उनकी कॉल डिटेल, चैट और सोशल मीडिया गतिविधियों की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि डिजिटल साक्ष्यों से दोनों के रिश्ते, मुलाकात और इस वारदात की असली वजह का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है और पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
