रीवा में संपत्ति के बंटवारे को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच विवाद मारपीट में बदल गया। घर के अंदर हुई इस घटना में महिलाओं ने भी कुर्सियों, टेबल और बर्तनों से एक-दूसरे पर हमला किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस (काउंटर) एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, एक पक्ष के इरशाद अंसारी और दूसरे पक्ष के अयाज निजामी के बीच संपत्ति के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी मुद्दे पर बातचीत के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद इतना बढ़ गया कि नौबत मारपीट तक पहुंच गई। महिलाओं ने बर्तन और फर्नीचर से किया हमला मारपीट के दौरान घर के अंदर काफी देर तक हंगामा होता रहा। इस दौरान दोनों पक्षों की महिलाओं ने भी घर में रखे बर्तन, कुर्सी और टेबल उठाकर एक-दूसरे पर फेंके। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दर्ज की काउंटर FIR घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाइश देकर विवाद शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस की समझाइश के बाद भी जब दोनों पक्षों के बीच बहस जारी रही, तो पुलिस ने दोनों की शिकायत के आधार पर काउंटर एफआईआर दर्ज कर ली। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
