मजबूत अल नीनो से हिंदूकुश हिमालय क्षेत्र में सामान्य से ज्यादा बारिश हो सकती है। इससे सर्दियों में नेपाल में बाढ़, भूस्खलन और हिमस्खलन का खतरा बढ़ सकता है। हिंदूकुश हिमालय विंटर आउटलुक 2026 के अनुसार, नेपाल के अलावा अफगानिस्तान और बांग्लादेश में भी इसका असर रहेगा। यहां बारिश और ठंड ज्यादा होने का अनुमान है। अमेरिका की नेशनल ओशनिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन (NOAA) के मुताबिक, अल नीनो मजबूत से बहुत मजबूत स्थिति में है। इसके 1950 में रिकॉर्ड शुरू होने के बाद सबसे मजबूत बनने की संभावना करीब 60% है। यह रिपोर्ट काठमांडू स्थित इंटरनेशनल सेंटर फॉर इंटीग्रेटेड माउंटेन डेवलपमेंट (ICIMOD), बीजिंग नॉर्मल यूनिवर्सिटी और चाइनीज एकेडमी ऑफ साइंसेज के इंस्टीट्यूट ऑफ एटमॉस्फेरिक फिजिक्स ने मिलकर तैयार की है। ज्यादा बारिश, बर्फबारी, सूखा और जंगलों में आग का खतरा ICIMOD के वैज्ञानिकों ने कहा कि अल नीनो से हिमालय की तलहटी में ज्यादा बारिश हो सकती है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी बढ़ सकती है। रिपोर्ट में कहा गया है कि क्षेत्र के कुछ हिस्सों में सूखे का दौर आ सकता है। इससे जंगलों में आग लगने का खतरा भी बढ़ेगा। यह अनुमान नेपाल और भूटान में बेहद नुकसानदायक मानसून के बाद आया है। इस दौरान ऊंचे पहाड़ों के ग्लेशियरों और पर्माफ्रॉस्ट में बदलाव से जुड़ी आपदाएं हुई थीं। अगस्त में नेपाल में आई विनाशकारी भोटेकोशी बाढ़ में कम से कम 1,500 लोगों की मौत हुई थी। 5,000 से ज्यादा लोग लापता हुए थे। रिपोर्ट में अफगानिस्तान, पाकिस्तान, उत्तर भारत और नेपाल के कुछ हिस्सों में सामान्य से ज्यादा गहरी बर्फ जमने का अनुमान है। भूटान और चीन के पूर्वी शिजांग के कुछ हिस्सों में बर्फ की परत सामान्य से कम गहरी रह सकती है। पिछले महीने मिली था सुपर-डुपर अल नीनो का अलर्ट, पूरी धरती लाल दिखी थी 8 अक्टूबर को आई शिकागो यूनिवर्सिटी के क्लाइमेट इम्पैक्ट लैब के शोधकर्ताओं की रिपोर्ट में कहा गया था- दुनिया इस समय बेहद ताकतवर अल नीनो का सामना कर रही है। प्रशांत महासागर के मध्य और पूर्वी हिस्से में समुद्र का तापमान सामान्य से 3.4°C ज्यादा हो गया है। यह 1950 के बाद का सबसे खतरनाक अल नीनो बताया जा रहा है। मौसम विशेषज्ञ इसे ‘सुपर-डुपर अल नीनो’ कह रहे हैं। इससे दुनिया के कई हिस्सों में ज्यादा गर्मी, सूखा या भारी बारिश हो सकती है। शोधकर्ताओं के मुताबिक, इस अल नीनो से जून 2026 से फरवरी 2027 के बीच दुनियाभर में करीब 4.51 लाख अतिरिक्त मौतें हो सकती हैं। दिसंबर में पीक पर रहेगा अल नीनो इस साल अल नीनो दिसंबर में अपने चरम पर पहुंच सकता है। इसके असर से आने वाले महीनों में दुनिया के बड़े हिस्से में सामान्य से ज्यादा तापमान रहने की आशंका है। विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) ने बारिश का पैटर्न बदलने से कई इलाकों में सूखा और बाढ़ का खतरा बढ़ने की चेतावनी दी है। WMO के मुताबिक, अक्टूबर से दिसंबर के बीच इसका असर उत्तरी गोलार्ध में 2027 के वसंत तक बना रह सकता है। संगठन ने फरवरी 2027 तक इसके जारी रहने की करीब 100% संभावना जताई है। ज्यादा गर्मी से हीट स्ट्रोक और दूसरी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। वहीं बारिश का पैटर्न बिगड़ने से कहीं पानी की कमी तो कहीं बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है। अल नीनो से भारत में कम बारिश, सूखे का भी खतरा अल नीनो का असर भारत में भी दिखाई दे रहा है। 2026 का दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य से 13% कम बारिश के साथ खत्म हुआ। यह 2001 के बाद भारत का चौथा सबसे सूखा मानसून रहा। मानसून के दूसरे हिस्से में अल नीनो का असर भी देखा गया। अल नीनो से तापमान बढ़ने का असर यूरोप में भी दिखा। फ्रांस, स्पेन और ब्रिटेन में इस साल कई जगह रिकॉर्ड गर्मी पड़ी। कम बारिश से डेन्यूब, राइन और टेम्स जैसी प्रमुख नदियों का जलस्तर भी काफी नीचे चला गया। अल नीनो सिर्फ प्रशांत महासागर में क्यों आता है? अल नीनो का मतलब सिर्फ समुद्र का गर्म होना नहीं है। यह प्रशांत महासागर में होने वाली खास प्राकृतिक प्रक्रिया है। सामान्य स्थिति में प्रशांत महासागर की हवाएं पूर्व से पश्चिम की ओर चलती हैं और गर्म पानी को इंडोनेशिया-ऑस्ट्रेलिया की तरफ धकेलती हैं। दक्षिण अमेरिका के पास समुद्र की गहराई से ठंडा पानी ऊपर आता रहता है। अल नीनो के दौरान ये हवाएं कमजोर पड़ जाती हैं। इससे पश्चिम में जमा गर्म पानी पूर्व की तरफ फैलने लगता है और प्रशांत महासागर का मध्य और पूर्वी हिस्सा सामान्य से ज्यादा गर्म हो जाता है। दूसरे महासागरों में भी तापमान बदलता है, लेकिन वहां हवाओं और समुद्र के पानी की ऐसी खास व्यवस्था नहीं होती, इसलिए उसे अल नीनो नहीं कहा जाता। —————- ये खबर भी पढ़ें राजस्थान के माउंट आबू में दूसरे दिन पारा 0°C: MP-छत्तीसगढ़ में बादलों ने ठंड रोकी, रात का तापमान 4 तक बढ़ा; यूपी-बिहार में घना कोहरा श में सर्दी बढ़ गई है। यूपी, बिहार, झारखंड, ओडिशा समेत 8 राज्यों में आज घना कोहरा छाया रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल में तापमान में लगातार गिरावट हो रही है। इधर, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, यूपी, बिहार, झारखंड, ओडिशा, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में रविवार को भी घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने आज तमिलनाडु, केरलम, आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और पुडुचेरी में बारिश का अलर्ट जारी किया है। पूरी खबर पढ़ें…
