मध्य प्रदेश में मार्च से नया घरेलू गैस कनेक्शन मिलना बंद है। परिवार आवेदन लेकर एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं, लेकिन गैस कंपनियों ने कनेक्शन जारी करने वाले सॉफ्टवेयर से 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर का विकल्प ही हटा दिया है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में करीब 70 हजार आवेदन अटके हैं। कनेक्शन क्यों बंद हैं, पीएनजी का इससे क्या लेना-देना है और तब तक खाना कैसे बने; पूरी बात मध्य प्रदेश एक्सप्लेनर में… सवाल 1. नया गैस कनेक्शन लेना है, पर आवेदन नहीं हो रहा, तो अब क्या करें? जवाब- 14.2 किलो वाला नया कनेक्शन फिलहाल कहीं नहीं मिल रहा, लेकिन छोटे सिलेंडर का रास्ता खुला है। तब तक के लिए विकल्प 5 किलो का छोटा सिलेंडर: केंद्र सरकार के अप्रैल के फैसले के बाद इसके लिए सिर्फ पहचान पत्र चाहिए, पते का प्रमाण नहीं। किराएदारों और दूसरे शहर से आए परिवारों के लिए यही सबसे आसान रास्ता है। 10 किलो का सिलेंडर: कुछ एजेंसियां यह कनेक्शन दे रही हैं, जिसकी कीमत करीब 4,700-4,800 रुपए है। सवाल 2. क्या अब एलपीजी की जगह पीएनजी लेना जरूरी होगा? जवाब- नहीं। पीएनजी हर किसी के लिए अनिवार्य नहीं है, लेकिन जिसके पास पीएनजी है, वह अब एलपीजी नहीं रख सकता। सवाल 3. नया सिलेंडर नहीं मिला तो खाना कैसे बने, और दूसरे विकल्प कितने महंगे हैं? जवाब- हर विकल्प घरेलू सिलेंडर से महंगा या झंझट वाला है। भोपाल में 14.2 किलो का घरेलू सिलेंडर 947.50 रुपए का है, यानी एक किलो गैस करीब 67 रुपए की। इससे तुलना करें… 5 किलो सिलेंडर: नया कनेक्शन करीब 1,585 रुपए। रिफिल 500 से 700 रुपए, यानी गैस करीब 100 से 140 रुपए किलो। इसी वजह से भोपाल की करीब 46 एजेंसियां तीन महीने में छोटे सिलेंडर के एक हजार कनेक्शन भी नहीं दे पाईं। कमर्शियल सिलेंडर: 19 किलो का सिलेंडर भोपाल में 2,700 रुपए से ज्यादा का है, यानी गैस करीब 145 रुपए किलो, घरेलू से दोगुने से भी महंगी। खुले बाजार का सिलेंडर: इंदौर में 14 किलो के लिए 1,500-1,600 रुपए तक वसूले जा रहे हैं। अवैध रिफिलिंग में हादसे का खतरा भी रहता है। पीएनजी: इंदौर में 46.49 रुपए प्रति यूनिट (एससीएम)। कनेक्शन के लिए हजारों रुपए जमा करने होते हैं; भोपाल में रजिस्ट्रेशन और सिक्योरिटी मिलाकर करीब 6,700 रुपए। इंडक्शन: एक घरेलू सिलेंडर जितना खाना बनाने में करीब 90 से 110 यूनिट बिजली लगती है, यानी 6-7 रुपए प्रति यूनिट पर करीब 600 से 750 रुपए। लेकिन 2,000-3,000 रुपए का चूल्हा और इंडक्शन वाले बर्तन चाहिए, और बिजली गई तो खाना नहीं बनेगा। सवाल 4. हार्मुज संकट का हमारी रसोई से क्या कनेक्शन है? जवाब- सीधा कनेक्शन है, क्योंकि भारत अपनी ज्यादातर रसोई गैस विदेश से मंगाता है। सवाल 5. रोक कब हटेगी और 70 हजार आवेदनों का क्या होगा? जवाब- अभी कोई तारीख तय नहीं है। मध्य प्रदेश एक्सप्लेनर की ये कड़ी भी पढ़िए…
इंदौर के लालबाग पैलेस में मिली रहस्यमयी तिजोरी- होलकरों का खजाना मिलने की चर्चा, लेकिन चाबी गायब इंदौर के लालबाग पैलेस में पाथ-वे बनाने के लिए मजदूर जमीन समतल कर रहे थे, तभी फावड़ा किसी लोहे की चीज से टकराया। खुदाई की गई तो जंग लगी तिजोरी निकली। इसका वजन एक टन से ज्यादा, चाबी गायब और हैंडल टूटा हुआ था। सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई कि इसमें होलकर राजघराने का खजाना हो सकता है…पूरा एक्सप्लेनर पढ़िए।
