भोपाल के प्रसिद्ध नेफ्रोलॉजिस्ट डॉक्टर एमएल बंजारा के इकलौते बेटे सौरभ बंजारा की जहर पीने से मौत हो गई। 41 वर्षीय सौरभ ने 10 जून को शराब के साथ जहरीला पदार्थ पी लिया था। हालत बिगड़ने पर परिवार ने उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां इलाज के दौरान रविवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार सौरभ रातीबढ़ थाना क्षेत्र की पूजा कॉलोनी में परिवार के साथ रहता था। वह एमबीए कर चुका था और एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। करीब तीन महीने पहले नौकरी छूटने के बाद से वह तनाव में चल रहा था। घटना वाले दिन सौरभ को उल्टियां करते देख परिजनों को इसकी जानकारी हुई, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। दस साल पहले हुई थी अरेंज मैरिज सौरभ की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी। उसके दो बेटे हैं, जिनमें एक की उम्र 7 साल और दूसरे की उम्र 6 महीने है। उसके पिता डॉक्टर एमएल बंजारा कमला नेहरू अस्पताल में पदस्थ रह चुके हैं और नेफ्रोलॉजिस्ट हैं। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपा रविवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। रातीबढ़ पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में नौकरी जाने के बाद तनाव की बात सामने आई है। पुलिस बोली सभी एंगल पर जांच जारी जांच अधिकारी एएसआई केके द्विवेदी ने बताया कि शुरूआती जांच में नौकरी छूटने से युवक द्वारा डिप्रेशन में होने की बात सामने आई है। युवक ने शराब में पाइजन को मिलाकर पिया था, इस बात की जानकारी उसके पिता ने दी। उसके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। लिहाजा सभी एंगल पर जांच की जा रही है।
