मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। वोटर ने कह दी ऐसी बात कि गुस्सा हो गए महाराज
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को एक वोटर ने सीधे धमकी दे दी, जिस पर सिंधिया गुस्सा हो गए। उन्होंने वोटर से कहा- ये भाषा मेरे साथ कभी उपयोग मत करना। सिंधिया का ये रूप देखकर हर कोई हैरान रह गया। हुआ यूं कि सिंधिया गुना के गुलाबगंज पहुंचे थे, जहां एक शख्स ने खराब सड़क के कायाकल्प के लिए उन्हें आवेदन सौंपा। इसके साथ ही उसने कहा कि इस बार समय से पहले रोड डल जाए, नहीं तो फिर वोट का समय आएगा तो कोई भी वोट नहीं डालेगा। ये सुनकर सिंधिया आगबबूला हो गए। उन्होंने उसी समय उस शख्स से कहा- ये भाषा मेरे साथ कभी उपयोग मत करना। सिंधिया ने आगे कहा कि आप आकर निवेदन करो। मेरी जिम्मेदारी है काम करना। अब महाराज को भले ही वोटर की ये भाषा पसंद नहीं आई हो, लेकिन खरी बात ये भी है कि सड़क की हालत खराब है और इसी को लेकर वोटर ने अपनी नाराजगी जाहिर की थी। वैसे लोकतंत्र में आम जनता के पास वोट ही सबसे बड़ा हथियार होता है, जिसके आगे नेता नतमस्तक रहते हैं। वर्ना आम लोगों को कौन पूछे। ये बात अलग है कि इस हथियार का नाम लिया तो महाराज चिढ़ गए। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने लगा दी कलेक्टर की क्लास
इससे पहले केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया कलेक्टर पर भी नाराज हो गए। उन्होंने सबके सामने ही कलेक्टर की क्लास लगा दी। सिंधिया अपने संसदीय क्षेत्र गुना में लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। तभी उन्हें वहां कलेक्टर नजर नहीं आए। इस पर उन्होंने सख्त लहजे में कहा- कलेक्टर कहां हैं? बुलाओ जल्दी। उनके इतना कहते ही माहौल में चुप्पी छा गई। इसके बाद आनन-फानन में कलेक्टर वहां पहुंचे तो सिंधिया ने उन्हें खरी-खोटी सुना दी। सिंधिया ने सबके सामने कलेक्टर और एक अन्य अधिकारी से कहा- आप गाड़ी में मत बैठो, आप दोनों मेरी ड्यूटी पर हो। गाड़ी में से नहीं बुलाना है आपको। समझ गए आप दोनों? अब सिंधिया के इस सख्त व्यवहार की भी जमकर चर्चा हो रही है। लोग इस वीडियो को चुटकियां लेते हुए शेयर कर रहे हैं। खरी बात ये है कि ये सिलेक्टेड और इलेक्टेड का खेल है। सिलेक्टेड वाले साहब स्थायी होते हैं और अपने हिसाब से काम करते हैं। कई बार लापरवाही भी कर जाते हैं। जबकि इलेक्टेड नेता जी को हर पांच साल में परीक्षा देनी पड़ती है। ये वाकया उस परीक्षा की तैयारी जैसा ही है। जनता के जेहन में बने रहने के लिए ये सब करना पड़ता है। जीतू पटवारी ने मैदान पर उतरकर दिखाई फिटनेस
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने हाल ही में खुद को युवा बताते हुए पत्रकारों को पुशअप का चैलेंज दिया था। लेकिन लगता है कि उनके इस चैलेंज को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दिल पर ले लिया। इंदौर में राहुल गांधी के आने का जोश कुछ ऐसा रहा कि जीतू पटवारी भी मैदान में उतर गए और पुशअप लगाकर अपनी ताकत दिखा दी। दरअसल, इंदौर में जब जेन-जी ने उनसे सवाल किया तो पटवारी ने भी बता दिया कि वे हिट भी हैं और फिट भी। यानी सियासत में सिर्फ भाषण और बयानबाजी से काम नहीं चलता, जरूरत पड़े तो पुशअप लगाकर फिटनेस का सबूत भी देना पड़ता है। खरी बात ये है कि ये राजनीति है साहब… सियासत में फिट रहना है तो फिटनेस भी दिखानी पड़ती है। ‘छात्रों की गूंज’ की कैंपेनिंग का ये तरीका भी चर्चा में
इंदौर में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की कैंपेनिंग के लिए कांग्रेस ने कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी। कार्यक्रम के प्रचार के लिए किए गए अलग-अलग तरीकों के बीच डांस का अंदाज भी चर्चा में रहा। कांग्रेस की कैंपेनिंग में लड़कियों के डांस का वीडियो सामने आया है, जिसे लेकर अब सियासी गलियारों में भी चर्चा हो रही है। उधर, कांग्रेस नेताओं का दावा है कि राहुल गांधी के कार्यक्रम में इतनी भीड़ आएगी कि पैर रखने की जगह तक नहीं मिलेगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि अकल्पनीय भीड़ आने वाली है। अब भीड़ कितनी आती है, ये तो कार्यक्रम के दिन ही पता चलेगा… फिलहाल कांग्रेस ने प्रचार में जोश दिखाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। और अब अंदर की बात.. बड़े नेता को रास नहीं आ रही युवा नेता की सक्रियता
इन दिनों कांग्रेस के एक बड़े नेता को युवा नेता की सक्रियता रास नहीं आ रही है। बड़े नेता ने युवा नेता के खिलाफ अनर्गल प्रचार शुरू करवा दिया है। दरअसल, बालाघाट में 30 से ज्यादा बच्चों की मौत के बाद युवा नेता बेहद सक्रिय रहे और सीधे आलाकमान की नजर में आ गए। इस मुद्दे पर आलाकमान की तरफ से सोशल मीडिया पर लगातार पोस्ट भी किए गए। सुना है कि इससे बड़े नेता बौखला गए हैं। अब बड़े नेता के गुर्गे प्रचारित कर रहे हैं कि युवा नेता के पारिवारिक संबंध खराब हैं। ये बात युवा नेता तक उनके करीबियों ने पहुंचा भी दी है। युवा नेता ने इस पर कोई खास प्रतिक्रिया नहीं दी है। उन्होंने अपने करीबियों से कह दिया है कि फालतू बातों पर ध्यान मत दो। बता दें कि ये दोनों नेता पश्चिमी मध्य प्रदेश के आदिवासी जिलों से आते हैं और दोनों ही आदिवासी हैं। इनपुट सहयोग – आशीष रघुवंशी (गुना), विनय यादव (इंदौर) ये भी पढ़ें –
मोदी के बर्थडे पर भाजपा विधायक की मिस्टेक: कांग्रेस को ‘महंगी’ पड़ रही राहुल गांधी की ‘छात्रों की गूंज’ देश के साथ मध्य प्रदेश में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया। लेकिन सिंगरौली में इसी उत्साह के बीच भाजपा विधायक से नारेबाजी में एक मिस्टेक हो गई। जिले के देवसर से भाजपा विधायक राजेंद्र मेश्राम ने पूरे जोश के साथ ‘नरेंद्र मोदी अमर रहे…’ के नारे लगा दिए। पूरी खबर पढ़ें
