छतरपुर के 21 वर्षीय अभिज्ञान गुप्ता की सोमवार को वृंदावन में करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के एक दिन बाद मंगलवार को घटना का वीडियो सामने आया, जिसके बाद मामले की चर्चा तेज हो गई। युवक अपने परिवार के साथ धार्मिक यात्रा पर वृंदावन गया था। वीडियो में देखा जा सकता है युवक कूलर से चिपक गया था जिसे अलग करने की कोई हिम्मत नहीं कर रहा था इसके बाद युवक के पिता ने धक्का देकर कूलर को नीचे गिरा दिया। अभिज्ञान गुप्ता बस स्टैंड स्थित पत्रकार चौक निवासी और मोबाइल व्यवसायी अमित उर्फ मिंटू गुप्ता के पुत्र थे। परिवार ने पहले बांके बिहारी मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद सभी लोग रिक्शे से इस्कॉन मंदिर पहुंचे। तीन तस्वीरों में देखें घटनाक्रम… कूलर के संपर्क में आते ही चिपका रह गया बताया जा रहा है कि इस्कॉन मंदिर के पास रिक्शे से उतरने के बाद अभिज्ञान आगे बढ़े। इसी दौरान उनका हाथ वहां रखे एक कूलर से छू गया। कूलर में करंट होने के कारण उन्हें जोरदार झटका लगा और वे उससे चिपक कर रह गए। हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए। पिता के सामने बेटे ने तोड़ा दम प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बेटे को आंखों के सामने गिरता देख पिता अमित उर्फ मिंटू गुप्ता बदहवास हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल मदद की कोशिश की, लेकिन अभिज्ञान को बचाया नहीं जा सका। वीडियो के सामने आने के बाद घटना को लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों को कहना है धार्मिक स्थलों पर जहां हजारों लोग घूमने आते हैं वहां इस तरह की लापरवाही हो रही है। अभिज्ञान की मौत की खबर जैसे ही छतरपुर पहुंची, पत्रकार चौक और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर फैल गई। व्यापारिक और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
